Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

जन्मदिन मनाने निकले 2 दोस्तों समेत 3 की मौत; लिफ्ट लेने वाली महिला ने भी तोड़ा दम

ऊना सड़क हादसा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 

टाहलीवाल/ऊना.

जिला ऊना के टाहलीवाल थाना क्षेत्र के तहत बुधवार देर रात खुशियां मातम में बदल गईं। अपना जन्मदिन मनाने के लिए दोस्तों के साथ कार में निकले युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। इस भीषण हादसे में बर्थडे बॉय, उसके एक दोस्त और रास्ते से लिफ्ट लेने वाली एक महिला समेत कुल तीन लोगों की जान चली गई। हादसा संतोषगढ़-टाहलीवाल मार्ग पर एक पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी।

मैहतपुर से टाहलीवाल जा रहे थे दोस्त

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मैहतपुर निवासी मयंक का जन्मदिन था। जश्न मनाने के लिए वह अपने दोस्तों—अमन (22), तरनजीत सिंह और अभिमन्यु कौशल के साथ कार में सवार होकर मैहतपुर से टाहलीवाल की ओर जा रहा था। शिकायतकर्ता अमन (निवासी अजौली) ने बताया कि वे सभी मयंक की गाड़ी में थे। रास्ते में संतोषगढ़ के वीरभद्र चौक पर लुधियाना निवासी महिला किरण देवी ने उनसे लिफ्ट मांगी। मानवीयता के नाते उन्होंने महिला को गाड़ी में बिठा लिया और आगे बढ़े।

पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा

बुधवार रात करीब 11:45 बजे कार टाहलीवाल में पेट्रोल पंप के पास पहुंची ही थी कि सामने से आ रहे ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया।

इलाज के दौरान तीन की मौत

अस्पताल में डाक्टरों ने घायलों को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन चोटें गंभीर होने के कारण मयंक (निवासी मैहतपुर), तरनजीत सिंह (निवासी गांव पूना) और लिफ्ट लेने वाली किरण देवी (निवासी लुधियाना) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक ही हादसे में तीन मौतों से मृतकों के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है।

ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस अधीक्षक (SP) अमित यादव ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। हादसे के जिम्मेदार ट्रक चालक जतिंद्र सिंह (निवासी गांव धुग्गे, हरोली, जिला ऊना) के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow