-
मुद्रा लोन से आत्मनिर्भर बनीं पिंकी।
जशपुर |
प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और स्वावलंबी बनाने के लिए मुख्यमंत्री माननीय श्री विष्णु देव साय के निर्देश धरातल पर रंग ला रहे हैं। इसी कड़ी में जशपुर जिले के मनोरा विकासखंड की ग्राम पंचायत मनोरा निवासी श्रीमती पिंकी सोनी आज ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणा का केंद्र बन गई हैं। ‘बिहान’ योजना और शासन की कल्याणकारी नीतियों ने उनके सपनों को हकीकत में बदलने का काम किया है।
बिहान से मिली नई दिशा
श्रीमती पिंकी सोनी पहले से ही बिहान अंतर्गत महिला स्व-सहायता समूह से जुड़ी हुई थीं। समूह के माध्यम से उन्हें शासन की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी प्राप्त हुई। आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के उद्देश्य से उन्होंने अपने मौजूदा किराना व्यवसाय को बड़े स्तर पर ले जाने का संकल्प लिया।
मुद्रा लोन से बढ़ा कारोबार
अपने सपने को साकार करने के लिए श्रीमती पिंकी सोनी ने पीएम मुद्रा लोन के तहत ₹70,000 का ‘स्वयंसिद्धा लोन’ प्राप्त किया। इस राशि का उपयोग उन्होंने अपनी किराना दुकान के विस्तार और सामान की उपलब्धता बढ़ाने में किया। दुकान का दायरा बढ़ने से न केवल उनकी दैनिक आय में इजाफा हुआ है, बल्कि बाजार में ग्राहकों का विश्वास भी बढ़ा है।
पिंकी सोनी ने व्यक्त किया आभार
अपनी सफलता की कहानी साझा करते हुए श्रीमती पिंकी सोनी कहती हैं— “समूह से जुड़ने के बाद मेरे जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। छत्तीसगढ़ शासन की योजनाओं की जानकारी मिली और आत्मनिर्भर बनने का आत्मविश्वास भी हासिल हुआ।”
आज श्रीमती पिंकी सोनी अपने परिवार का मजबूत आर्थिक स्तंभ बन चुकी हैं। उनकी मेहनत और ‘बिहान’ योजना के सहयोग ने उन्हें स्वावलंबन का मार्ग दिखाया है। इस बड़ी उपलब्धि और जीवन में आए बदलाव के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री माननीय श्री विष्णु देव साय का सहृदय आभार व्यक्त किया है।






