सुकमा (कौशल संदुज)। जिला सुकमा में पुलिस और सीआरपीएफ के संयुक्त प्रयासों से नक्सल उन्मूलन अभियान में दो संदिग्ध नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। जिला सुकमा में पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज जगदलपुर श्री सुंदरराज पी., पुलिस उप महानिरीक्षक रेंज दंतेवाड़ा श्री कमलोचन कश्यप, सीआरपीएफ रेंज सुकमा के उप महानिरीक्षक (परि.) श्री आनंद सिंह राजपुरोहित, पुलिस अधीक्षक जिला सुकमा श्री किरण चव्हाण, और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में नक्सल उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है।
संदिग्ध नक्सलियों की गिरफ्तारी
28 जुलाई 2024 को, थाना जगरगुण्डा क्षेत्रान्तर्गत कैम्प बेदरे से पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री तामेश वर्मा के नेतृत्व में जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर के जवानों के साथ सीआरपीएफ के बल ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान ग्राम दुरनदरभा के जंगल में दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा। पूछताछ के दौरान उन्होंने अपने नाम ओयम छोटू और कोरसा हुंगा बताये और नक्सल संगठन में मिलिशिया सदस्य के रूप में काम करने की बात स्वीकार की।
विस्फोटक सामग्री की बरामदगी
गिरफ्तार किए गए नक्सलियों के पास से डेटोनेटर, जिलेटिन रॉड, बिजली वायर, पेंसिल सेल, बारूद, टॉप टाइगर बम, टिकली फटाका, माचिस और नक्सल साहित्य बरामद किया गया। नक्सलियों ने बताया कि वे सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने और आईईडी लगाने की योजना बना रहे थे।
दोनों नक्सलियों के खिलाफ थाना जगरगुण्डा में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। 29 जुलाई 2024 को उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अन्य नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए क्षेत्र में लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है।









