(रोहितास सिंह भुवाल)
दल्लीराजहरा।– हस्ताक्षर साहित्य समिति के तत्वावधान में आयोजित एक विशिष्ट समारोह में डॉ. शिरोमणि माथुर द्वारा रचित तीन पुस्तकों सहित कुल पांच पुस्तकों का विमोचन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन माथुर सिनेप्लेक्स में किया गया, जिसमें साहित्यिक और सांस्कृतिक जगत के प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने भाग लिया।
समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में मुम्बई से साहित्यकार इंद्र बहादुर सिंह उपस्थित थे, वहीं अन्य विशिष्ट अतिथियों में सोमनी से दादू लाल सोनी, गुरुर के वरिष्ठ साहित्यकार मोहन प्रसाद चतुर्वेदी, दुर्ग से उर्दू साहित्यकार डॉ. रौनक जमाल, लायंस क्लब दुर्ग के अध्यक्ष सुमन पांडेय, सचिव रश्मि अग्रवाल, और उर्दू अकादमी (छत्तीसगढ़ शासन) के अध्यक्ष इदरीश गांधी शामिल थे। इस अवसर पर पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश बाजपेयी, पूर्व मंत्री प्रतिनिधि पीयूष सोनी, और नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. चित्रा वर्मा ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम की अध्यक्षता हस्ताक्षर साहित्य समिति के अध्यक्ष संतोष ठाकुर ने की।
इस आयोजन का संचालन समाजसेवी आशुतोष माथुर के नेतृत्व में किया गया और इसे बड़ी सफलता के साथ संपन्न किया गया।
द्वितीय सत्र में कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें कवियों ने अपनी रचनाओं का पाठ किया। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ द्वारा स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर “एक शाम शहीदों के नाम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें दल्ली राजहरा और भिलाई के गायक कलाकारों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए।
इस विशेष अवसर पर नगर व्यापारी संघ के अध्यक्ष गोविंद वाधवानी, पूर्व नपा अध्यक्ष पुरोबी वर्मा, काशी निषाद, विनय पाठक सहित कई अन्य गणमान्य नागरिक और साहित्यकार उपस्थित थे।











