- दो लोग घायल
- मामूली कहासुनी के बाद उग्र हुआ झगड़ा,
रायपुर।

रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के कुकूरबेडा झंडा चौक में 31 अगस्त की शाम एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शंकर साहू नामक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी कृष्णा साहू और उमेश साहू पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की शुरुआत एक मामूली कहासुनी से हुई थी, जो घर के सामने खड़ी मोटरसाइकिल को लेकर थी। पुलिस की डायल 112 टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक तौर पर मामला शांत करा कर लौट गई। लेकिन कुछ समय बाद, जब कृष्णा साहू अपने चाचा के घर पहुंचे, तो शंकर साहू ने उन पर और उनके परिवार के सदस्यों पर अपशब्दों की बौछार कर दी। बात इतनी बढ़ गई कि शंकर ने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में कृष्णा साहू की जांघ पर गंभीर चोटें आईं, और बीच-बचाव करने आए उमेश साहू भी घायल हो गए।
धाराओं के तहत मामला दर्ज:
घटना के बाद पीड़ित कृष्णा साहू के परिवार की शिकायत पर पुलिस ने शंकर साहू और अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (BNS) की धारा 115(1), 115(2), 118(1), 296, 3(5), 331(2), 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप:
पीड़ित परिवार ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अगर पुलिस ने पहली बार ही सख्ती दिखाई होती और उचित कार्रवाई की होती, तो यह घटना टल सकती थी। परिवार का आरोप है कि पुलिस ने घटना स्थल की ठीक से जांच नहीं की, और खून के धब्बों को भी नजरअंदाज कर दिया, जो पुलिस की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
कानून व्यवस्था पर सवाल:
यह घटना रायपुर की कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है। जब पुलिस की मौजूदगी में भी अपराधी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की गारंटी कौन देगा? इस घटना ने स्पष्ट कर दिया है कि अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ समाप्त हो चुका है। पुलिस के समझाने के बाद भी अपराधी अपराध करने से नहीं चुक रहे है।









