- एबीवीपी पर जबरन सदस्यता कराने का लगाया आरोप
- एनएसयूआई ने हिंसा का किया विरोध
रायपुर।
साइंस कॉलेज में आज एनएसयूआई और एबीवीपी के बीच सदस्यता अभियान के दौरान हुई झड़प में कई छात्र घायल हो गए। इस घटना पर एनएसयूआई के रायपुर जिला प्रवक्ता भोजराज चौहान ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए एबीवीपी के कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा, “साइंस कॉलेज में जो कुछ भी हुआ, वह निंदनीय है और इसका पूरा दोष एबीवीपी के अनुशासनहीन और उग्रवादी कार्यकर्ताओं पर है। उन्होंने जबरन छात्रों को सदस्य बनाने की कोशिश की, जिसका विरोध एनएसयूआई ने किया। इस विरोध के बाद एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने हिंसा का सहारा लिया, जिससे कई छात्रों को गंभीर चोटें आई हैं।”
इससे जुड़ी खबर पढ़े:- रायपुर के साइंस कॉलेज में ABVP और NSUI के बीच बवाल, मारपीट में कई छात्र घायल
चौहान ने आगे कहा, “एनएसयूआई सदैव छात्र हितों की रक्षा के लिए तत्पर है और किसी भी तरह की हिंसा को बर्दाश्त नहीं करेगी। हम प्रशासन से मांग करते हैं कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।”
चौहान ने सभी छात्रों से शांति बनाए रखने और असामाजिक तत्वों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा, “एनएसयूआई हर स्थिति में छात्रों के साथ खड़ी है और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएगी।”









