- सीतापुर में ठेकेदार अभिषेक पांडेय पर हत्या का आरोप, पुलिस की कार्रवाई के बाद सनसनी फैल गई
सरगुजा (पंकज शुक्ला)। जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम उलकिया से 7 जून को लापता हुए राजमिस्त्री संदीप लकड़ा की हत्या का मामला सामने आया है, जिसमें ठेकेदार अभिषेक पांडेय और उसके साथियों पर आरोप है। हत्या को ठीक फिल्म ‘दृश्यम’ की तर्ज पर अंजाम दिया गया था। ठेकेदार ने संदीप की हत्या कर उसका शव मैनपाट के लुरैना गांव में दफन कर दिया और उसके ऊपर पानी की टंकी बना दी।
21 जुलाई की रात को संदीप की पत्नी सलीमा लकड़ा ने सर्व आदिवासी समाज के साथ मिलकर थाने का घेराव किया, जिसके बाद पुलिस ने हत्या के मामले में जांच तेज कर दी। पुलिस ने 3 संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिनकी निशानदेही पर मैनपाट में 2 जेसीबी मशीनों से खुदाई कर संदीप का शव बरामद किया गया।
आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए संदीप का मोबाइल मुंबई में फेंक दिया था, जिससे पुलिस को यह लगे कि संदीप मुंबई में है। लेकिन, जब पुलिस ने गहराई से जांच की तो यह खुलासा हुआ कि ठेकेदार अभिषेक पांडेय ने संदीप की हत्या कर उसे ठिकाने लगाया और उसके ऊपर पानी की टंकी बनवा दी। गौरतलब है कि संदीप लकड़ा 7 जून से लापता था। ठेकेदार ने 8 जून को संदीप और विकास पर छड़ चोरी का आरोप लगाते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने विकास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि संदीप की तलाश जारी थी। संदीप की पत्नी ने आरोप लगाया था कि ठेकेदार अभिषेक पांडेय ने ही हत्या कर उसके शव को गायब कर दिया है। शुक्रवार को पुलिस ने संदिग्धों की निशानदेही पर मैनपाट के ग्राम लुरैना में पानी की टंकी के नीचे संदीप का शव बरामद किया। पुलिस की इस कार्रवाई से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है, और फिलहाल पुलिस हत्या के मामले की जांच कर रही है।













