बिलासपुर।
रतनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह पुलिस ने सरप्राइज चेकिंग के दौरान 21 लाख रुपये का मशरुका जब्त किया, जिसमें 10 लाख रुपये का गांजा शामिल था। आरोपी हरियाणा पासिंग कार से गांजा तस्करी कर रहा था। रतनपुर टीआई रजनीश सिंह ने बताया कि तकरीबन सुबह 11 बजे फारेस्ट बेरियर के पास बैरिकेडिंग कर वाहनों की चेकिंग चल रही थी। उसी दौरान पुलिस ने हरियाणा पासिंग वाइट कलर की कार क्रमांक HR 51 AM 8554 को रुकने का इशारा किया।
आरोपी राजेश शर्मा (38) ने कार रोकने की बजाय तेज रफ्तार में गौरेला पेंड्रा मार्ग की ओर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। कार से 101 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसे खाकी रंग के टेप में 21 पैकेटों में लपेटकर रखा गया था। आरोपी ओडिशा के गजपति जिले के पहाड़ी गांव मोहना से गांजा राजस्थान ले जा रहा था।
एडिशनल एसपी अर्चना झा ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने दो टीमें बनाई हैं, जो ओडिशा और राजस्थान में जाकर जांच कर रही हैं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 बी के तहत मामला दर्ज किया है। इस रेड में उपनिरीक्षक मेलाराम कठोतिया, आरक्षक दुर्गेश प्रजापति और आरक्षक महेंद्र नेताम शामिल थे।









