अम्बिकापुर (पंकज शुक्ला)।
सरगुजा के बतौली विकासखंड स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, शिवपुर में गुरुवार को संभाग स्तरीय कल्चरल फेस्ट का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन सरगुजा संभागायुक्त चुरेंद्र ने किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागी छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “अपने जिले से चयनित होकर यहां आए सभी छात्र-छात्राएं बधाई के पात्र हैं। यहां से विजयी होकर आप राज्य स्तरीय फेस्ट में भाग लेंगे, जहां आप अपने जिले का नाम रोशन करेंगे।”
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि इस तरह की सांस्कृतिक गतिविधियों से छात्रों का बौद्धिक और व्यक्तित्व विकास होता है। शिक्षकों को भी इन गतिविधियों के महत्व पर ध्यान देना चाहिए और छात्रों को इनमें भाग लेने के लिए प्रेरित करना चाहिए। साथ ही, चुरेंद्र ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे स्वच्छता ही सेवा अभियान में भी सक्रिय भागीदारी की अपील की।
इस संभाग स्तरीय कल्चरल फेस्ट में सरगुजा संभाग के 26 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों से लगभग 250 छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। 34 विभिन्न प्रतियोगिताओं में जनजातीय समूह गान, एकल गान, देशभक्ति गीत, शास्त्रीय गान, नृत्य, पेंटिंग, प्रश्नोत्तरी और वाद-विवाद जैसी गतिविधियां शामिल हैं। संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के विजेता राज्य स्तरीय फेस्ट में भाग लेने का अवसर पाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग, डीपी नागेश, स्कूल प्राचार्य, शिक्षकगण, प्रभारी, और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।









