अंबिकापुर (पंकज शुक्ला)।
अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 130 पर लहपट्रा और सिंगीटाना के बीच स्थित निर्माणाधीन टोल प्लाजा के पास शनिवार की सुबह लगभग 11 बजे एक बड़ा हादसा टल गया जब एक पुलिस बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे में बस में सवार दो लोगों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल अंबिकापुर भेजा गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बस क्रमांक सीजी 03 5120 दुर्ग से अंबिकापुर पुलिस लाइन जा रही थी। शनिवार की सुबह बस चालक को नींद की झपकी आने के कारण वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा और तेज गति से चल रही बस सड़क से उतरकर खेत में जा पलटी। इस दुर्घटना में बस में सवार दो लोग घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और बस में सवार लोग बाल-बाल बच गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंची और क्रेन की सहायता से बस को उठाकर अंबिकापुर ले जाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यातायात सामान्य किया और घायल लोगों को तुरंत इलाज मुहैया कराया।






