रायपुर।
छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेजेस कार्पोरेशन के संचालक मंडल की बैठक आज रायपुर के आबकारी भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की। इस बैठक में कार्पोरेशन के कई महत्वपूर्ण एजेंडों पर चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत में 21 अगस्त को आयोजित पिछले संचालक मंडल की बैठक में लिए गए निर्णयों के पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किए गए। इसके बाद वित्तीय वर्ष 2023-24 के वित्तीय विवरणों का अनुमोदन किया गया।
बैठक में दुर्ग एवं बिलासपुर के गोदामों में हाउस कीपिंग कार्य के लिए निविदा जारी करने का अनुमोदन किया गया। इसके अलावा, अरसनारा-दुर्ग गोदाम के लिए एक नया जेनरेटर क्रय करने की भी स्वीकृति प्रदान की गई।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सरगुजा संभाग में वाइन की उपलब्धता सुनिश्चित करने और आस-पास के जिलों में स्टॉक की पर्याप्तता बनाए रखने के लिए मनेन्द्रगढ़ में बेवरेज डिपो या गोदाम खोलने का प्रस्ताव रखा। संचालक मंडल ने इस प्रस्ताव पर सहमति व्यक्त की। मनेन्द्रगढ़ में गोदाम खुलने से गौरेला पेंड्रा मरवाही, मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर, कोरिया और सूरजपुर जिलों की वाइन दुकानों के लिए स्टॉक का भंडारण किया जाएगा, जिससे इन जिलों में वाइन की सुचारू आपूर्ति हो सकेगी।
बैठक में वाणिज्य कर आबकारी विभाग की सचिव आर शंगीता, स्टेट बेवरेज कार्पोरेशन के प्रबंध संचालक श्याम धावड़े, वित्त विभाग की सचिव शारदा वर्मा समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।









