दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)
नगर निगम ने इंदिरा मार्केट और आसपास के क्षेत्रों में सड़क पर कब्जा रोकने के लिए कमर कस ली है। त्योहारों के मद्देनजर भीड़भाड़ और जाम से निपटने के लिए नगर निगम ने अस्थायी पसरा योजना शुरू की है। निगम के बाजार अधिकारी थानसिंह यादव ने आज इंदिरा मार्केट और इंदिरा प्रतिमा क्षेत्र के भीड़-भाड़ वाले इलाकों में चूना मार्किंग करवाई।
नगर आयुक्त लोकेश चन्द्राकर ने बताया कि इंदिरा मार्केट और इंदिरा प्रतिमा क्षेत्र में लंबे समय से ट्रैफिक जाम की समस्या है। इस समस्या से निजात पाने के लिए सड़क किनारे अवैध ठेले और दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू हो चुकी है। चूना मार्किंग के बाहर किसी भी तरह का सामान रखने या अवैध पार्किंग करने पर नगर निगम और यातायात पुलिस सामान या वाहन जब्त करेगी।
आयुक्त लोकेश चन्द्राकर ने यह भी सुनिश्चित किया है कि इन क्षेत्रों को कब्जा मुक्त बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा। त्योहारी सीजन में सड़क बाधित करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना और जब्ती की सख्त कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों को पहले समझाइश दी जा रही है, और आदेश न मानने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।











