

दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के मार्गदर्शन में जिला पंचायत दुर्ग में छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत परिसर में बड़ी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर राज्य उत्सव की शुभकामनाएं दीं।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत दुर्ग, बजरंग कुमार दुबे ने जिला पंचायत और सभी ग्राम पंचायत भवनों में दीप प्रज्ज्वलित कर राज्य उत्सव मनाए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया और सभी को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
जिला पंचायत भवन में दीप प्रज्ज्वलित करने पहुंचीं जिला पंचायत सदस्य माया बेलचंदन ने कहा कि हम सभी स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के आभारी हैं, जिन्होंने छत्तीसगढ़ स्थापना की नींव रखी। उन्होंने प्रार्थना की कि छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर होता रहे।
इस अवसर पर स्व-सहायता समूह की दीदियों ने भी बड़ी संख्या में राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में दीप प्रज्ज्वलित किया। उपसंचालक पंचायत काव्या जैन, परियोजना अधिकारी स्वप्नि ध्रुव, सुनिल कुमार बिहान, तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भी इस अवसर पर दीप प्रज्ज्वलित कर अपनी सहभागिता दर्ज की।






