



नई दिल्ली।
राजस्थान के दौसा से एक बड़ी और दुखद घटना की खबर सामने आई है। एक शादी समारोह के दौरान पटाखों को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति ने गुस्से में आकर सात लोगों को अपनी कार से कुचल दिया। इस दर्दनाक घटना ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया।
घटना उस वक्त शुरू हुई जब दूल्हे की बारात दुल्हन के गांव दौसा में पहुंची थी। बारात में शामिल एक व्यक्ति का पटाखे फोड़ने को लेकर दुल्हन के रिश्तेदारों से विवाद हो गया। पुलिस के मुताबिक, कार चालक और दुल्हन के रिश्तेदारों के बीच पटाखे जलाने और कार पार्क करने को लेकर नोकझोंक हुई। यह मामूली विवाद देखते ही देखते गंभीर झगड़े में तब्दील हो गया।
शादी समारोह के दौरान पटाखों को जलाने की वजह से कार चालक को अपनी गाड़ी पार्क करने में दिक्कत हो रही थी। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले बहस हुई और फिर मामला हाथापाई तक जा पहुंचा। झगड़े के बाद गुस्से में आकर आरोपी ने अपनी कार को सात लोगों पर चढ़ा दिया। इस घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि सात लोगों में से एक की हालत गंभीर है, जबकि बाकी का इलाज जयपुर के एक अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने घटना के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन कर लिया है। कार की नंबर प्लेट, जो घटनास्थल पर गिर गई थी, को पुलिस ने बरामद कर लिया है। कार का नंबर सवाई माधोपुर जिले का है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी फिलहाल फरार है और उसे जल्द ही गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।





