दंतेवाड़ा (कौशल संदुजा)।
सुरक्षा बलों ने दक्षिण अबूझमाड़ के घने जंगलों में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान अब तक चार नक्सलियों के शव बरामद किए हैं। मारे गए नक्सलियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। सर्च अभियान के दौरान AK-47, SLR राइफल जैसे स्वचालित हथियारों के साथ भारी मात्रा में गोला-बारूद भी जब्त किया गया है।
सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच यह मुठभेड़ 4 जनवरी 2025 की शाम से रुक-रुक कर जारी है। चार जिलों की DRG और STF की संयुक्त टीम इस अभियान में जुटी हुई है।

चार जिलों की टीम कर रही सर्च ऑपरेशन
दंतेवाड़ा, नारायणपुर, बस्तर और कोंडागांव जिलों की डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की टीम दक्षिण अबूझमाड़ के दुर्गम इलाकों में सर्च अभियान चला रही है। अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को नक्सलियों के एक बड़े दल के साथ मुठभेड़ करनी पड़ी।
अब तक चार नक्सलियों के शव बरामद
सुरक्षा बलों ने अब तक चार वर्दीधारी नक्सलियों के शव बरामद किए हैं, जिनमें से दो महिलाएं हैं। पुलिस ने शवों की पहचान शुरू कर दी है।
AK-47 और SLR राइफल्स बरामद
सर्च ऑपरेशन के दौरान AK-47, SLR राइफल्स और अन्य स्वचालित हथियारों के साथ भारी मात्रा में कारतूस और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है। इस बात की आशंका है कि नक्सली किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे थे।
मुठभेड़ के बाद भी सर्च अभियान जारी
सुरक्षा बलों का कहना है कि मुठभेड़ अभी खत्म नहीं हुई है। सर्च अभियान जारी है और ऑपरेशन पूरा होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
मानवता पर खतरा बना नक्सलवाद
नक्सलियों के खिलाफ लगातार चल रहे अभियानों के बावजूद अबूझमाड़ जैसे क्षेत्रों में उनका प्रभाव कम होता नजर नहीं आ रहा। हाल ही में बरामद हुए अत्याधुनिक हथियार इस बात की ओर इशारा करते हैं कि नक्सली अपने हमलों को और उग्र बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
बस्तर संभाग में सुरक्षाबलों का ये ऑपरेशन नक्सलवाद को कमजोर करने की एक बड़ी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।










