रायपुर।
टिकरापारा थाना क्षेत्र के कमल विहार सेक्टर-1 इलाके में चार दिन पहले मिली एक युवती की अर्द्धनग्न लाश के मामले में पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। इस मामले में कांग्रेस ने विरोध तेज कर दिया है।

पूर्व विधायक विकास उपाध्याय के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने हाथों में युवती की तस्वीरें लेकर न्याय की गुहार लगाई।
इस दौरान विकास उपाध्याय ने कहा, “अगर उस बेटी को न्याय नहीं मिला तो कांग्रेस पार्टी शहर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में गृह मंत्री के घर का घेराव करेगी। हम तब तक इस लड़ाई को लड़ेंगे, जब तक न्याय नहीं मिलता।”
पुलिस की प्रारंभिक जांच
चार दिन पहले कमल विहार में युवती का शव मिलने के बाद से पुलिस ने जांच शुरू की थी। प्रथम दृष्टया पुलिस का मानना है कि युवती की हत्या कहीं और कर, गुमराह करने के उद्देश्य से शव को कमल विहार में फेंका गया। दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका भी जताई जा रही है, लेकिन पुलिस अब तक इस मामले में किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है।
कांग्रेस का प्रदर्शन और तीखा हो गया है, और वे प्रशासन पर इस मामले में लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं।
[pdf_embed url=”https://omdarpan.com/wp-content/uploads/2025/01/17-jan-2025-se-23-jan-2025-varsh-20-omdarpna-12.pdf”]










