भिलाई नगर (रोहितास सिंह भुवाल)।
श्री सिद्ध बाबा बालकनाथजी मंदिर में वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने अपने तीन महीने की मानदेय राशि अर्पित की है। इस राशि का इस्तेमाल मंदिर समिति द्वारा रोटी बनाने की एक बड़ी मशीन खरीदने में किया जाएगा, जो लगभग 6 लाख रुपये की होगी। विधायक रिकेश सेन ने अपनी मन्नत पूरी होने के बाद मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की और अपनी मन्नत की खुशी साझा की। उन्होंने मंदिर समिति से चर्चा कर यह निर्णय लिया कि उनकी तीन माह की विधायक मानदेय राशि का उपयोग रोटी बनाने वाली मशीन के लिए किया जाएगा। यह मशीन महाभंडारा और मंदिर की रसोई में उपयोगी साबित होगी, जहां प्रतिदिन 50,000 से ज्यादा लोगों के लिए भोजन तैयार किया जाता है।

रिकेश सेन ने बताया कि यह कदम उन्होंने श्रद्धालुओं की सेवा को ध्यान में रखते हुए उठाया है, क्योंकि बाबा बालकनाथ मंदिर में हर साल महायज्ञ और विशाल महाभंडारा आयोजित किया जाता है, जिसमें लाखों श्रद्धालु भाग लेते हैं। मंदिर में हर साल आयोजित होने वाले महायज्ञ और भंडारे में दूर-दराज से लोग आते हैं और एक लाख से अधिक लोग महाप्रसाद ग्रहण करते हैं।
विधायक रिकेश सेन ने इस अवसर पर कहा कि “श्री सिद्ध बाबा बालकनाथजी मंदिर के प्रति भिलाई-दुर्ग के निवासियों की गहरी श्रद्धा है। यह मशीन महाभंडारे के आयोजन में मददगार होगी और रसोई में काम करने वाली महिलाओं के लिए भी यह काफी सहायक सिद्ध होगी।”
गौरतलब है कि 61 वर्ष पूर्व गुरुदेव महाराज सेवाराम भगत द्वारा श्री सिद्ध बाबा बालकनाथ की प्रतिमा की स्थापना की गई थी और तब से मंदिर श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बन गया है। मंदिर में हर साल महायज्ञ एवं विशाल महाभंडारा आयोजित होता है, जिसमें लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं।
विधायक रिकेश सेन ने अपने विधायक पद पर रहते हुए लगातार अपनी मानदेय राशि जनसेवा और धार्मिक कार्यों में समर्पित की है। उन्होंने नेहरू नगर गुरूद्वारा में शव फ्रिजर के लिए ई रिक्शा, चैरिटेबल अस्पताल में मॉडर्न डेंटल चेयर, बैजनाथ धाम झारखंड में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर प्रांगण की गलियों में रबर मैट, और भिलाई हनुमान मंदिर में सोने का टीका अर्पित किया है।









