मुम्बई।
महाराष्ट्र के बीड जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां ईद उल-फितर से एक दिन पहले रविवार तड़के सुबह एक मस्जिद में धमाका हुआ। यह घटना जियोराई तहसील के अर्ध मसला गांव में हुई, जहां तड़के लगभग 2:30 बजे एक शख्स ने मस्जिद के पिछले हिस्से में जिलेटिन रॉड रख दी, जिससे यह विस्फोट हुआ। हालांकि, पुलिस ने बताया कि इस हादसे में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ है, लेकिन मस्जिद का आंतरिक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है।
पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है और जांच जारी है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बन गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि किसी भी गलत सूचना के फैलने से बचने और शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा कदम उठाए गए हैं।









