-
आरोपी जेठ विजय गिरफ्तार
बालोद।
जिले में 13 अप्रैल रविवार की रात हुई महिला रामबती साहू की हत्या के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाला कोई और नहीं बल्कि मृतका का जेठ विजय निकला, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
चरित्र शंका बनी मौत की वजह
आरोपी विजय ने पुलिस को बताया कि उसे अपनी बहू रामबती साहू के चरित्र पर शक था। इसी शक के चलते उसने गुस्से में आकर उसे मौत के घाट उतार दिया।
मूवी से सीखा था समाधान का तरीका, बात करने की कोशिश की, लेकिन…
विजय ने कबूल किया कि उसने टीवी पर एक मूवी में देखा था कि पारिवारिक विवाद बातचीत से सुलझाए जा सकते हैं। उसने रामबती से बात करने की कोशिश की, लेकिन बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर उसने बहू को कई बार जमीन पर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
अकेली थी महिला, खून से लथपथ लाश देख चौंका परिवार
वारदात के समय रामबती घर में अकेली थी। आधी रात को जब मृतका की बेटी और परिवार के सदस्य घर लौटे, तो उन्होंने खून से लथपथ शव देखा और सन्न रह गए।
पुलिस को परिवार पर था शक, विजय बार-बार बदल रहा था बयान
14 अप्रैल की सुबह महिला के पति ने पुलिस को सूचना दी। जांच में शुरू से ही पुलिस को परिवार वालों पर शक था। पूछताछ के दौरान आरोपी विजय लगातार अपने बयान बदलता रहा। पुलिस के दबाव में अंततः उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
साक्ष्य मिटाने की भी कोशिश, किया था ड्रामा
पुलिस को विजय ने बताया कि घटना के बाद उसने कपड़े, चप्पल और हाथ-पैर धोए और परिवार के आने पर नाटक किया, जिससे वह शक के घेरे से बाहर रहे।









