-
23 कुलियों को मिला नया एंड्रॉयड फोन, खिल उठे चेहरे
-
दुर्घटना बीमा और चिकित्सकीय सुविधा के लिए जल्द होगी पहल
-
वैशाली नगर से मां वैष्णोदेवी दर्शन के लिए रवाना हुआ जत्था

भिलाई नगर (रोहितास सिंह भुवाल)।
आज वैशाली नगर विधानसभा से मां वैष्णोदेवी दर्शन के लिए रवाना हो रहे श्रद्धालुओं के जत्थे को दुर्ग स्टेशन पर अभिनंदन करने पहुंचे विधायक रिकेश सेन को वहां मौजूद कुलियों ने अपनी समस्याएं बताईं।
पीढ़ियों से सेवा कर रहे हैं, सुविधाएं नहीं
दुर्ग स्टेशन की एकमात्र महिला कुली ने विधायक रिकेश सेन से कहा कि स्टेशन पर वर्तमान में कुल 23 कुली कार्यरत हैं, और इनके परिवार दादा-पुरखों के समय से यात्रियों की सेवा करते आ रहे हैं। इसके बावजूद आज तक इन्हें न पीएफ-पेंशन, न ही चिकित्सा संबंधी कोई सरकारी सुविधा प्राप्त है।
जैसे ही विधायक समस्या सुन रहे थे, उसी दौरान अन्य कुली भी वहां पहुंच गए और एकजुट होकर अपनी बात रखी।
ट्रेन की जानकारी नहीं मिलती, काम में होती परेशानी
सभी की ओर से बात रखते हुए वरिष्ठ कुली ने बताया कि अधिकांश कुलियों के पास अभी भी की-पैड फोन हैं और जिनके पास एंड्रॉयड हैं, वे पुराने 3G सेट हैं। स्मार्टफोन न होने के कारण वे ट्रेन की लोकेशन और रनिंग स्टेटस नहीं देख पाते। इससे घंटों तक स्टेशन पर बैठकर इंतजार करना पड़ता है, और कभी-कभी खाना या नाश्ता करते वक्त ट्रेन मिस हो जाती है।
उम्मीदें थीं, भरोसा भी था
महिला कुली ने भावुक होकर कहा, “विधायक भैया, आपने अभी-अभी दुर्ग के वकीलों की वर्षों पुरानी मांग एक घंटे में पूरी कर दी, हमें आपसे बड़ी उम्मीद है।”
विधायक ने लिया तत्काल एक्शन, व्यापारी आए साथ
इस मांग को सुनते ही विधायक रिकेश सेन ने मौके से ही जवाहर नगर मार्केट व्यापारी संघ को कॉल किया। उन्होंने जवाहर मार्केट के मॉडर्नाइजेशन की अपडेट ली और कुलियों के लिए 5G एंड्रॉयड मोबाइल उपलब्ध कराने हेतु जनसहयोग मांगा।
आधा घंटा भी नहीं बीता था कि व्यापारियों ने 23 एंड्रॉयड मोबाइल फोन दुर्ग स्टेशन पर पहुंचवा दिए।
स्मार्टफोन पाकर खिले चेहरे
विधायक रिकेश सेन के हाथों जब कुलियों को नए मोबाइल मिले, तो सभी के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने कहा कि अब वे ट्रेन के अपडेट स्टेटस की जानकारी तुरंत पा सकेंगे, जिससे उन्हें काम करने में अधिक सहूलियत होगी।
और भी सुविधाओं की पहल करेंगे विधायक
वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने सभी कुलियों के वर्षों से यात्रियों की सेवा के लिए उनका अभिनंदन करते हुए उन्हें वास्तविक श्रम की प्रतिमूर्ति बताया। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे केंद्र सरकार को पत्र लिखकर कुलियों के लिए अन्य आवश्यक सुविधाओं की मांग करेंगे।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वे जल्द ही सभी कुलियों के लिए दुर्घटना बीमा और निजी अस्पतालों में मात्र 40 प्रतिशत दर पर इलाज हेतु पहल करेंगे।
तालियों की गड़गड़ाहट में जताया आभार
तालियों की गूंज के साथ, कुलियों ने वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन का आभार व्यक्त किया।
जत्थे को गमछा पहनाकर किया रवाना
दुर्ग स्टेशन पर प्लेटफार्म क्रमांक 2 पर विधायक रिकेश सेन ने मां वैष्णोदेवी और स्वर्ण मंदिर दर्शन के लिए रवाना हो रहे जत्थे को गमछा पहनाकर और माता के जयकारों के साथ विदा किया।









