
भिलाईनगर (रवि कुमार भास्कर)।
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘अमृत मित्र 2.0 वुमेन फार ट्री योजना’ के तहत भिलाईनगर में हरियाली बढ़ाने और वायु गुणवत्ता सुधारने की पहल शुरू हो गई है। नगर निगम भिलाई ने शहर के 40 उद्यान और रिक्त स्थलों पर वृक्षारोपण व उनके एक वर्ष तक के रखरखाव के लिए स्थानीय महिला स्व-सहायता समूहों से रुचि की अभिव्यक्ति आमंत्रित की थी। इस पहल को अभूतपूर्व समर्थन मिला है, जिसमें 58 महिला स्व-सहायता समूहों ने अपने ऑफर जमा किए। 4 अगस्त को इन प्रस्तावों को समूह प्रतिनिधियों की उपस्थिति में खोला गया और दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। जिन उद्यानों के लिए एक से अधिक ऑफर प्राप्त हुए हैं, उनके लिए जल्द ही लॉटरी निकाली जाएगी। चयनित समूहों को 15 अगस्त तक गड्ढे तैयार कर पौधारोपण शुरू करना अनिवार्य होगा, जिससे शहर का पर्यावरण बेहतर बन सके।









