रायपुर।
राजनांदगांव के स्टेट हाई स्कूल मैदान में आयोजित लखपति दीदी सम्मेलन में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने महतारी वंदन योजना और नियद नेल्लानार योजना के तहत 69 लाख 15 हजार 273 हितग्राहियों को 647 करोड़ 28 लाख 36 हजार 500 रुपए की राशि डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से अंतरित की।
लखपति दीदी आत्मनिर्भरता और सम्मान का प्रतीक
उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने कहा कि लखपति दीदी केवल एक योजना नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और सम्मान का प्रतीक हैं। यह महिलाओं के आत्मविश्वास और समाज में उनके बढ़ते प्रभाव का उत्सव है।
उन्होंने कहा कि राजनांदगांव जिला महिला सशक्तिकरण का उदाहरण बन चुका है, जहां महिलाएं आर्थिक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर अग्रसर हैं।
राजनांदगांव बना महिला सशक्तिकरण की मिसाल
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि लखपति दीदी सम्मेलन आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की जीवंत तस्वीर है। ग्रामीण महिलाओं की मेहनत और आत्मबल से समृद्धि का नया अध्याय लिखा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बलरामपुर में महिलाएं बाड़ी विकास और विपणन, बस्तर में वनोपज आधारित उत्पाद निर्माण, और कोण्डागांव में फूड प्रोसेसिंग व सिलाई-कढ़ाई में उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं।
40 हजार लखपति दीदियां बनीं प्रेरणा
राजनांदगांव जिले में लगभग 40 हजार लखपति दीदियां हैं, जिनमें 208 दीदियां सालाना पाँच लाख से अधिक और 26 दीदियां दस लाख रुपए से अधिक का कारोबार कर रही हैं।
राज्यपाल ने कहा कि यह उपलब्धि केवल आर्थिक सफलता नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का प्रतीक है।
उन्होंने पद्मश्री फूलबासन बाई यादव के कार्यों को नारी सशक्तिकरण की दिशा में प्रेरणास्रोत बताया।
7.82 लाख लखपति दीदियों का लक्ष्य
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश में 7 लाख 82 हजार लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से 4 लाख 93 हजार दीदियां आत्मनिर्भर बन चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को हर माह एक हजार रुपए की सहायता दी जा रही है, जबकि नियद नेल्लानार योजना से बस्तर के दूरस्थ इलाकों में बिजली, पानी और सड़क जैसी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।
नारी शक्ति की पहचान है यह सम्मेलन
विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने कहा कि लखपति दीदी सम्मेलन नारी शक्ति और आत्मनिर्भरता की पहचान है। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव ने विकास की दिशा में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं — चाहे वह पीएम आवास निर्माण हो, जल संरक्षण या कुपोषण उन्मूलन अभियान।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, श्रम कल्याण मंडल अध्यक्ष योगेशदत्त मिश्रा, पूर्व सांसद प्रदीप गांधी, सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिला स्वसहायता समूह की दीदियां उपस्थित थीं।










