-
भारतीय वायुसेना और डाक विभाग की गौरवगाथा का प्रतीक बना विशेष कवर
-
नया रायपुर के शांत आकाश में देशभक्ति की उड़ान
रायपुर।
नया रायपुर के शांत सेंध लेक के ऊपर जब भारतीय वायुसेना की ‘सूर्यकिरण’ एरोबेटिक टीम ने अपने विमानों से गर्जना की, तो पूरा आसमान साहस, अनुशासन और तकनीकी दक्षता की झलक से गूंज उठा। इस रोमांचक अवसर को और यादगार बनाने के लिए छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल ने एक विशेष स्मृति फ्लोन कवर (Carried Special Flown Cover), विशेष निरस्तीकरण (Cancellation), अतिरिक्त लाल निरस्तीकरण (Additional Red Cancellation) तथा चित्र पोस्टकार्ड (Picture Postcard) जारी किया।
उड़ान से पहले हुआ प्रतीकात्मक सौंपना
इस स्मृति डाक वस्तु को उड़ान से पहले छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल के निदेशक, डाक सेवाएँ द्वारा भारतीय वायुसेना के पायलट को सौंपा गया। इसके बाद यह विशेष कवर सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम के विमानों द्वारा उड़ान के दौरान प्रतीकात्मक रूप से ‘कैरिड’ किया गया।
डाक और वायुसेना की साझा गौरवगाथा
यह विशेष कवर केवल एक डाक वस्तु नहीं, बल्कि भारतीय वायुसेना के पराक्रम और भारतीय डाक विभाग की राष्ट्रसेवा भावना का संयुक्त प्रतीक है। यह स्मृति कवर गति, समरूपता, देशभक्ति और सेवा के उस संगम को दर्शाता है, जो भारत की सीमाओं से लेकर जनसंचार के हर आयाम में राष्ट्र की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।
एकता और गौरव का संदेश
इस ऐतिहासिक पहल के माध्यम से छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल ने भारतीय वायुसेना के प्रति श्रद्धा, गौरव और राष्ट्रीय एकता के संदेश को नए आयाम प्रदान किए हैं।









