दुर्ग। दुर्ग जिले के नगर पालिका अहिवारा में सेवा सेतु के माध्यम से नागरिकों को समयबद्ध शासकीय सेवाएं मिल रही हैं। यहां की निवासी जागृति साहू को आवेदन करने के महज 24 घंटे के भीतर डिजिटल आय प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया।
जागृति को विभिन्न शासकीय कार्यों के लिए आय प्रमाण पत्र की तत्काल आवश्यकता थी। उन्होंने 20 अगस्त 2026 को सेवा सेतु केंद्र, नगर पालिका अहिवारा में आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन किया था।
केंद्र ऑपरेटर द्वारा ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद अगले ही दिन 21 अगस्त 2026 को उनका आय प्रमाण पत्र स्वीकृत होकर जारी कर दिया गया।
दफ्तरों के चक्करों से मिली राहत
समय पर प्रमाण पत्र मिलने पर जागृति साहू ने बताया कि पहले किसी भी प्रमाण पत्र को बनवाने में काफी समय लगता था। कई बार अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। सेवा सेतु के माध्यम से अब घर के नजदीक ही आवेदन की सुविधा मिलने से यह प्रक्रिया आसान हो गई है।
उन्होंने कहा कि महज 24 घंटे में डिजिटल हस्ताक्षरित आय प्रमाण पत्र मिल जाना बड़ी सुविधा है। इससे समय और श्रम दोनों की बचत हुई तथा आवश्यक कार्य को समय पर पूरा करने में मदद मिली।
आवेदन प्रक्रिया में बढ़ी पारदर्शिता
सेवा सेतु के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न प्रमाण पत्र एवं शासकीय सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे आवेदन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ने के साथ नागरिकों को सेवाएं प्राप्त करने में आसानी हो रही है। जागृति ने इसके लिए मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का आभार जताया।








