भिलाई नगर (रोहितास सिंह भुवाल)।
नगर निगम भिलाई के लिए 9.52 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि स्वीकृत हुई है। यह राशि डम्पर, ट्रिपर, जेट मशीन और ई-रिक्शा सहित कई आवश्यक वाहन और मशीनरी की खरीदी पर खर्च की जाएगी। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने इस स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उप मुख्यमंत्री और नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव का आभार जताया है।
भिलाई को मिली विकास की नई रफ्तार
विधायक रिकेश सेन ने कहा कि 15वें वित्त आयोग के मिलियन प्लस सिटी अंतर्गत मिली यह स्वीकृति भिलाई निगम के सभी वार्डों में सफाई सहित अन्य विकास कार्यों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी। इससे शहर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (Solid Waste Management) को मजबूती मिलेगी और भिलाई की दशा-दिशा को और अधिक सुंदर बनाने में मदद मिलेगी।
क्या-क्या हुआ स्वीकृत?
जानकारी के अनुसार, 6 अक्टूबर को नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय से जारी स्वीकृति आदेश में जिन वाहनों और मशीनों को हरी झंडी मिली है, उनमें शामिल हैं: 2 ट्रक माउंटेड सक्शन कम जेटिंग मशीन (5 हजार लीटर क्षमता), 4 ट्रक माउंटेड सक्शन कम जेटिंग मशीन (3 हजार लीटर क्षमता), 4 बेकहो लोडर, 17 ई रिक्शा, 15 मिनी ट्रिपर और 4 डंपर। इन सभी के लिए कुल 9 करोड़ 52 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
जुलाई में भेजा था प्रस्ताव, अब मिली मंजूरी
विधायक रिकेश सेन ने बताया कि नगरीय प्रशासन विभाग को जुलाई महीने में यह प्रस्ताव भेजा गया था। राज्य सरकार ने इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार किया और अब इसे हरी झंडी दे दी है। यह स्वीकृति शहर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।









