भिलाईनगर (रवि कुमार भास्कर)।
नगर पालिक निगम भिलाई के जोन क्रमांक 02 वैशाली नगर में आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देश पर एक महत्वपूर्ण निरीक्षण किया गया। इस दौरान लिकेज पाइप लाइन, स्कूल के सामने अवैध पार्किंग, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, जल भराव, नाली एवं प्रस्तावित रोड निर्माण सहित कई मुद्दों पर विस्तार से जायजा लिया गया। जोन आयुक्त येशा लहरे ने खुद निरीक्षण की अगुवाई की।
अवैध कब्जे पर निगम का कड़ा रुख
निरीक्षण के दौरान जवाहर नगर में के.एच. मेमोरियल स्कूल के सामने पार्किंग हेतु रिक्त स्थल पर स्कूल प्रबंधन द्वारा किए गए अवैध कब्जे का मामला सामने आया। निगम आयुक्त के स्पष्ट निर्देश हैं कि इस स्थल को तत्काल प्रभाव से कब्जा मुक्त कराया जाए। सहायक राजस्व अधिकारी शरद दुबे को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पाइप लाइन और वर्षा जल संरक्षण पर जोर
गौरव पथ के अंतर्गत लिकेज पाइप लाइन संधारण कार्य का भी अवलोकन किया गया और इसमें लगे कर्मचारियों को कार्य यथाशीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, कैलाश नगर के घरों में वर्षा जल संरक्षण हेतु निर्माणाधीन रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का भी जायजा लिया गया। जोन आयुक्त ने निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु से पहले अन्य स्थलों पर भी हार्वेस्टिंग सिस्टम को पूर्ण कर लिया जाए ताकि जल संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।
जल निकासी और सड़क निर्माण का आश्वासन
वार्ड क्रं. 21 की पार्षद नेहा साहू की उपस्थिति में कैलाश नगर के भगत सिंह मार्ग के मोहल्ले वासियों से चर्चा की गई। उन्होंने बारिश एवं घरों से निकलने वाले पानी की निकासी के लिए नाली और आवागमन हेतु रोड निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया। जोन आयुक्त येशा लहरे ने आश्वासन दिया कि रोड एवं नाली निर्माण कार्य हेतु शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही तत्काल कार्य शुरू कराया जाएगा। तात्कालिक व्यवस्था के तौर पर कच्चे नाली एवं मलवा बिछाकर आवागमन की सुविधा प्रदान की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता अरविंद शर्मा और उप अभियंता अर्पित बंजारे भी मौजूद रहे।






