लोड हो रहा है... | --:--:-- --
लोड हो रहा है... | --:--:-- --
Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

‘ऑपरेशन शंखनाद’ का बड़ा एक्शन: ऑल्टो कार की सीटों के बीच छिपा था 60 किलो गोमांस, पुलिस की नाकेबंदी में फंसा ओडिशा का तस्कर

Jashpur Police Beef Seizure

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Jashpur Police Beef Seizure

जशपुर (ओमदर्पण न्यूज़)। जशपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गोवंश मांस की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। जिले की कोतबा पुलिस ने एक ऑल्टो कार से 60 किलो गोवंश मांस बरामद करते हुए ओडिशा के एक तस्कर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी यह मांस बिक्री के लिए रायगढ़ जिले के लैलूंगा ले जा रहा था।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 मार्च 2026 की रात करीब 9:10 बजे चौकी कोतबा पुलिस मेन रोड पर वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि एक व्यक्ति ओडिशा राज्य के ग्राम बनडेगा से ऑल्टो कार (क्रमांक OR-14-G-3271) में गोवंश का वध कर भारी मात्रा में मांस लेकर कोतबा होते हुए लैलूंगा की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और तत्काल पुलिस बल के साथ मेन रोड पर नाकेबंदी कर दी।

सीट के नीचे और बैग में छिपाए गए थे 60 पैकेट

कुछ ही देर में मुखबिर द्वारा बताई गई संदिग्ध ऑल्टो कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। कार की तलाशी लेने पर ड्राइवर सीट के बगल वाले बैग में 1-1 किलो के 25 पॉलीथीन पैकेट और बीच की सीट पर रखे काले रंग के बैग में 35 पैकेट बरामद हुए। इस प्रकार कुल 60 पैकेटों में 60 किलो संदिग्ध मांस मिला।

ओडिशा के सुंदरगढ़ का रहने वाला है आरोपी

कड़ाई से पूछताछ करने पर कार चालक ने अपना नाम जीसान हुसैन (24 वर्ष), निवासी ग्राम बनडेगा, थाना तलसरा, जिला सुंदरगढ़ (ओडिशा) बताया। उसने कबूल किया कि वह उक्त मांस ग्राम बनडेगा से लेकर आ रहा था। पुलिस ने तत्काल आरोपी को हिरासत में ले लिया और संदिग्ध मांस को जब्त कर पशु चिकित्सक से उसका परीक्षण कराया।

कार जब्त, आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल

पशु चिकित्सक द्वारा जब्त मांस के गोवंश होने की पुष्टि किए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी जीसान हुसैन के खिलाफ चौकी कोतबा में ‘छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004’ की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध दर्ज किया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त सबूत पाए जाने पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ऑल्टो कार को भी जब्त कर लिया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow