-
ग्राम भिंभौरी में जनचेतना बैठक, ग्रामीणों ने जताई चिंता
कवर्धा (जलेश कुमार साहू)।
छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के ग्राम भिभौरी में ग्रामीणों की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एक जनचेतना बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामवासियों ने गांव में चल रही असामाजिक गतिविधियों पर चिंता जताई। ग्रामीणों की बात सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि इस दिशा में शीघ्र ठोस कार्रवाई की जाएगी।
28 मई को थाना प्रभारी व डीआजी टीम की संयुक्त कार्रवाई
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए 28 मई को थाना प्रभारी लोहारा निरीक्षक लालमन साव व उनकी टीम और डीआजी टीम ने ग्राम भिंभौरी, लाखाटोला, बिडोरा और सिंघनगढ़ में सघन कॉम्बिंग पेट्रोलिंग और रेड की कार्रवाई की।
भिंभौरी में चिन्हित स्थानों पर छापेमारी
कार्रवाई की शुरुआत उन स्थानों से हुई जहां पूर्व में देह व्यापार और शराब की अवैध बिक्री की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। पुलिस टीम ने ग्रामीण वर्दी में गुप्त निगरानी करते हुए संबंधित मकानों और स्थानों पर दबिश दी और मौके पर मौजूद व्यक्तियों की पहचान व गतिविधियों की गहन जांच की। इस दौरान लोगों को समझाइश दी गई और चेतावनी भी दी गई।
अन्य ग्रामों में भी विशेष चेकिंग अभियान
ग्राम लाखाटोला, बिडोरा और सिंघनगढ़ में भी समान रूप से विशेष गश्त और चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने हर ग्राम में संदिग्ध ठिकानों का भौतिक निरीक्षण करते हुए ग्रामवासियों से संवाद किया और आवश्यक सूचनाएं एकत्र कीं। कार्रवाई के दौरान संदिग्ध बाहरी व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी उपस्थिति की वैधता जांची गई। कुछ मामलों में सख्त चेतावनी भी दी गई।
पूर्व में कार्रवाई नहीं होने पर उठे सवाल
इस मामले में सहसपुर लोहारा पुलिस पर सवाल उठे हैं क्योंकि पूर्व में इस प्रकार की कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी। अब जब मामला पुलिस अधीक्षक तक पहुंचा, तो तत्परता दिखाई गई। यह भी स्पष्ट है कि ग्राम भिंभोरी और लाखाटोला में देह व्यापार की जानकारी आम थी, जिसे पुलिस अनदेखा नहीं कर सकती। विशेष रूप से तब, जब यहां कबीरधाम जिले के अलावा भिलाई और दुर्ग से भी लोग पहुंचते हैं। ऐसे में अब यह कार्रवाई केवल समझाइश तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, क्योंकि कुछ समय बाद फिर वही स्थिति दोहराई जा सकती है।
कार्रवाई की दी गई चेतावनी
सहसपुर लोहारा पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में ग्राम में पुनः देह व्यापार या अवैध शराब बिक्री जैसी सामाजिक बुराइयों की शिकायत प्राप्त होती है और किसी की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ऐसे व्यक्तियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा और आवश्यकतानुसार स्थाई निगरानी की कार्रवाई भी की जाएगी।









