-
मुख्यमंत्री साय ने किया ₹25 लाख के ‘प्रेस क्लब’ भवन का लोकार्पण
जशपुर |
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर जिले के पत्थलगांव विकास खंड अंतर्गत ग्राम कोतबा में नवनिर्मित ‘प्रेस क्लब’ भवन का विधिवत शुभारंभ किया। शासन की ‘लोकतंत्र के चौथे स्तंभ (पत्रकारिता) के संरक्षण और संवर्धन’ योजना के तहत इस भवन का निर्माण 25 लाख रुपये की लागत से किया गया है।
करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार को नगर पंचायत कोतबा के हाईस्कूल ग्राउंड में आयोजित भव्य कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने जिले को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने जहां कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की नींव रखी, वहीं निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके विभिन्न प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण भी किया, जिसमें पत्थलगांव प्रेस क्लब भवन प्रमुख रहा। इस भवन के तैयार होने के बाद से ही जिले भर के पत्रकारों में भारी उत्साह था और इसके लोकार्पण का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा था।
लोकार्पण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। साथ ही सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं विधायक गोमती साय भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।
पत्रकारों ने जताया आभार
प्रेस क्लब भवन के लोकार्पण पर पत्थलगांव के पत्रकारों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेस क्लब पत्थलगांव के अध्यक्ष विजय त्रिपाठी ने की। इस अवसर पर गोविंद अग्रवाल, उपाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार चेतवानी, अतुल त्रिपाठी, सचिव राजेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, मीडिया प्रभारी रमेश तिवारी, संयुक्त सचिव निसामुद्दीन खान, छत्रमोहन यादव, नीरज गुप्ता, शिव प्रताप सिंह, जितेंद्र सोनी, श्याम चौहान, अभिषेक शुक्ला, प्रदीप ठाकुर, विवेक तिवारी, सौरभ त्रिपाठी, आकाश शर्मा, बाबर खान, विकास शर्मा, कमलेश अंबष्ट, हरीश यादव, आयुष बंसल सहित बड़ी संख्या में पत्रकारगण उपस्थित रहे।









