सीमेंट के बढ़ते दामों के विरोध में कांग्रेस का बीजापुर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन
OM Darpan
Sep 13, 2024 05:40 am
208 views
13 Sep 2024
- कांग्रेस का भाजपा सरकार पर हमला, गरीब और मध्यम वर्गीय लोगों के शोषण का आरोप
बीजापुर (कौशल संदुजा)
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार, जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर ने गुरुवार को जिला मुख्यालय बीजापुर में प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार द्वारा सीमेंट के दामों में की गई भारी बढ़ोतरी के विरोध में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का आयोजन कांग्रेस भवन के सामने किया गया, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जनता के साथ अन्याय करने और उद्योगपतियों के हित में काम करने का आरोप लगाया।
जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर के अध्यक्ष लालू राठौर ने धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा, "भाजपा सरकार लगातार गरीब और मध्यम वर्गीय जनता का शोषण कर रही है। आम उपयोग की वस्तुओं में मूल्य वृद्धि कर भाजपा सरकार ने जनता की जेब पर डाका डाला है। सीमेंट के दामों में प्रति बोरी 50 रुपये की बढ़ोतरी इसका ताज़ा उदाहरण है। भाजपा सिर्फ उद्योगपतियों को ही फायदा पहुंचाने में जुटी है, जबकि छत्तीसगढ़ में बनी सीमेंट यहां के निवासियों को ही महंगे दामों पर बेची जा रही है।"
विधायक विक्रम मंडावी ने भी सभा को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि महज 9 महीने में ही प्रदेश की जनता महंगाई से त्रस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा, "सीमेंट के दामों में की गई बढ़ोतरी से प्रदेश के हर निर्माण कार्य पर असर पड़ेगा, जिससे आम आदमी का घर बनाने का सपना टूटता नजर आ रहा है। भाजपा सरकार ने पूंजीपतियों के हित में निर्णय लिया है, जनता के हित में नहीं।"
धरने में अन्य प्रमुख वक्ताओं में जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुडियम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश कारम, और नगर पालिका अध्यक्ष बेनहुर रावतिया शामिल थे। सभी ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और सीमेंट के बढ़ते दामों के विरोध में आवाज उठाई। कांग्रेस ने इस बात पर जोर दिया कि वे प्रदेश की जनता के साथ खड़े रहेंगे और भाजपा सरकार के खिलाफ लड़ाई जारी रखेंगे।
धरना प्रदर्शन में कांग्रेस के अन्य प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी शामिल हुए। कांग्रेस ने प्रदेश सरकार को चेतावनी दी कि अगर जनता के हित में सीमेंट के दामों को कम नहीं किया गया, तो विरोध प्रदर्शन और तेज किए जाएंगे।
Tags
जरूरी खबरें
विज्ञापन