बेमेतरा (रोहितास सिंह भुवाल)।
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 25वीं रजत जयंती के अवसर पर बेमेतरा स्थित बेसिक स्कूल मैदान में राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में विधायक दीपेश साहू, विधायक ईश्वर साहू, छ.ग. रजककार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक और जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक शामिल हुए। इस दौरान कलेक्टर रणबीर शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू सहित विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।
सांसद बघेल ने किया 25 वर्षों की प्रगति का बखान
अपने उद्बोधन में सांसद विजय बघेल ने छत्तीसगढ़ महतारी की रजत जयंती पर गर्व व्यक्त किया। बघेल ने कहा कि राज्य ने 25 वर्षों में अद्भुत प्रगति की है और यह प्रदेश आज देश के सबसे तेज़ी से विकसित होते राज्यों में से एक है। उन्होंने इस विकास का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व को दिया और कहा कि छत्तीसगढ़ विकास की अविरल धारा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने जनता से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
बीमारू प्रदेश से उन्नत प्रदेश बनने की यात्रा
साजा विधायक ईश्वर साहू ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ की स्थापना श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदृष्टि पूर्ण निर्णय का परिणाम है। साहू ने उल्लेख किया कि राज्य ने बीमारू प्रदेश से उन्नत प्रदेश बनने तक की यात्रा तय की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों की आय में वृद्धि हुई है और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं। बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने छत्तीसगढ़ को संत घासीदास बाबा की पावन भूमि बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शिक्षा, कृषि और खेल के क्षेत्र में तेज़ी से प्रगति कर रहा है। साहू ने बेसिक स्कूल मैदान के नव निर्माण और अमोरा में 300 करोड़ रुपये की लागत से बांध निर्माण की योजना को राज्य के विकास की दिशा में मील का पत्थर बताया।
वित्तीय सहायता और विभागीय प्रदर्शन
राज्योत्सव के मंच से कई महत्वपूर्ण घोषणाएं और वितरण कार्य किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से श्री भाग्यलक्ष्मी स्व-सहायता समूह (ग्राम बेरला परियोजना) को ₹1,00,000 का चेक प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त, कृषि विभाग द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (दलहन योजना) के अंतर्गत ग्राम बाबा मोहतरा के भिखारीराम साहू एवं सहदेव साहू और ग्राम चोरभट्टी के शिवदयाल को मसूर बीज मिनी किट वितरित किए गए। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण, स्कूल शिक्षा विभाग, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सहित अन्य विभागों ने अपने-अपने प्रदर्शनी स्टॉल लगाकर जनता को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
लोककला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का जादू
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, लोककला और पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। स्वर्गीय कवि सुरेंद्र दुबे और लक्ष्मण मस्तुरी सहित अनेक कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियाँ दीं। अंत में अतिथियों ने सभी विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।












