सेवा संकल्प अभियान में स्वच्छता को मिला संबल
OM Darpan
5 परिवारों को नवीन शौचालय निर्माण की स्वीकृति, 2 स्वच्छाग्रही समूह सम्मानित
रायगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में स्वच्छता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए लगातार गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में जनपद पंचायत लैलूंगा के ग्राम पंचायत नारायणपुर में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया की उपस्थिति में 5 परिवारों को नवीन शौचालय निर्माण के लिए स्वीकृति आदेश वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता के क्षेत्र में सक्रिय रहकर ग्रामीणों को जागरूक करने और स्वच्छता गतिविधियों में योगदान देने वाले 2 स्वच्छाग्रही समूहों को सम्मानित किया गया। सम्मान से स्वच्छता कार्यों से जुड़े समूहों का उत्साहवर्धन हुआ और ग्रामीण स्तर पर स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को बल मिला। शिविर में ग्रामीणों को व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही घर और आसपास के परिसर को स्वच्छ रखने, स्वच्छता संबंधी व्यवहार को नियमित रूप से अपनाने तथा गांव को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले में शासन की योजनाओं को जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने के साथ-साथ स्वच्छता, जनभागीदारी और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े कार्यों को भी गति दी जा रही है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन