असम में भूपेश बघेल पर हमले से भड़की दुर्ग कांग्रेस : जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने घटना को लोकतंत्र की हत्या बताया, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की
OM Darpan
दुर्ग। असम के नगांव में लोकसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल के काफिले पर हुए हमले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कड़ा आक्रोश जताया है। उन्होंने इस घटना को लोकतंत्र की हत्या और भारतीय जनता पार्टी की बौखलाहट करार दिया है।
काफिले पर फेंका पत्थर और एसिड
राकेश ठाकुर ने बताया कि नगांव में भूपेश बघेल, असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई, एआईसीसी सचिव मनोज चौहान और प्रत्याशी सिबामोनी बोरा के काफिले पर भाजपा का झंडा लगी गाड़ियों में आए गुंडों ने पथराव किया। हमलावरों ने गाड़ियों पर घातक एसिड भी फेंका, जिसमें एआईसीसी सचिव मनोज चौहान सहित अन्य साथी घायल हुए हैं।
उन्होंने कहा कि गनीमत रही कि गाड़ियों के शीशे बंद थे, अन्यथा कोई बड़ी अप्रिय घटना घट सकती थी। यह हमला पूरी तरह शर्मनाक और कायरतापूर्ण हरकत है जो चुनाव के दौरान विपक्षी नेताओं को डराने के उद्देश्य से किया गया है।
गृहमंत्री अमित शाह की चुप्पी पर सवाल
जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। जब पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद स्तर के नेताओं को सरेआम निशाना बनाया जा रहा है, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या हाल होगा।
उन्होंने सवाल किया कि देश की आंतरिक सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस घिनौनी घटना पर चुप क्यों हैं। विपक्षी नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहना केंद्र सरकार की नीयत पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
दोषियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग
राकेश ठाकुर ने भारत निर्वाचन आयोग और केंद्र सरकार से मांग की है कि इस जानलेवा हमले में शामिल भाजपा समर्थित असामाजिक तत्वों को तुरंत गिरफ्तार कर उन पर कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने चुनाव के दौरान विपक्षी नेताओं को पर्याप्त और निष्पक्ष सुरक्षा मुहैया कराने की मांग भी रखी।
उन्होंने अंत में कहा कि कांग्रेस पार्टी ऐसे कायरतापूर्ण हमलों और गीदड़ भभकियों से डरने वाली नहीं है। पार्टी लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की लड़ाई पूरी ताकत के साथ लड़ती रहेगी।
जरूरी खबरें
विज्ञापन