बेमेतरा में 81 रिटायर्ड शिक्षकों का हुआ सम्मान : 17 सितंबर को घर-घर जलेंगे दीप, बेमेतरा में बोले सीएम- पीएम मोदी के 25 साल पूरे होने पर मनाएं उत्सव
OM Darpan

बेमेतरा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बेमेतरा के बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय शिक्षक एवं प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मान समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति, समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार है और इस प्रक्रिया में शिक्षक की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है।
समारोह में जिले के 81 सेवानिवृत्त शिक्षकों को शॉल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही बोर्ड और महाविद्यालयीन परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 42 मेधावी छात्र-छात्राओं को विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की ओर से गोल्ड मेडल और प्रमाण पत्र सौंपे गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक अपने ज्ञान और संस्कारों से पीढ़ियों का निर्माण करते हैं। एक शिक्षक द्वारा दी गई शिक्षा का प्रभाव केवल विद्यार्थी तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसके परिवार और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचता है। इसीलिए शिक्षक को राष्ट्र निर्माता का दर्जा दिया गया है।
बेमेतरा शहर को 2 करोड़ का गौरव पथ
मुख्यमंत्री साय ने बेमेतरा जिले के विकास के लिए दो बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने बेमेतरा शहर में गौरव पथ निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की। इसके अलावा ग्राम पंचायत तिवरिया में नवीन विद्युत सब-स्टेशन बनाने का ऐलान किया ताकि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था सुदृढ़ हो सके।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में अधोसंरचना और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार पर ध्यान दे रही है। छत्तीसगढ़ में आईआईटी, आईआईएम, एम्स और ट्रिपल आईटी जैसी संस्थाओं से युवाओं के लिए उच्च शिक्षा के नए अवसर खुले हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए नालंदा परिसर जैसी सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं।
जल संरक्षण के लिए तीन जनपद सम्मानित
समारोह में 'मोर गांव मोर पानी' अभियान के तहत जल संरक्षण के लिए जनपद पंचायत बेमेतरा, बेरला और नवागढ़ को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। जिले को क्रिटिकल जोन से सेमी-क्रिटिकल जोन में लाने के प्रयासों की सराहना की गई। इस दौरान 'शिक्षक स्मृति' पत्रिका का विमोचन भी हुआ।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने पर 17 सितंबर की शाम प्रदेशवासियों से अपने घरों में एक दीप प्रज्ज्वलित करने का आह्वान किया। उन्होंने इसे सेवा और विकास के संकल्प को मजबूत करने का अवसर बताया।
गुरु का स्थान सदैव सर्वोपरि
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भारतीय परंपरा में गुरु का स्थान सबसे ऊपर है। वे अज्ञानता दूर कर नई पीढ़ी को दिशा देते हैं। खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि शिक्षक दीपक की तरह ज्ञान फैलाकर बच्चों का भविष्य संवारते हैं। कार्यक्रम में विधायक दीपेश साहू, ईश्वर साहू और कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
जरूरी खबरें
विज्ञापन