बाढ़ के कहर के बीच मैदान में उतरे वकील: राहत सामग्री के साथ 24 घंटे कानूनी मदद का दिया भरोसा
OM Darpan
अधिवक्ता परिषद ने 3 दिनों तक राहत शिविरों में चलाया सेवा अभियान, आपदा में कानूनी सहयोग का दिया भरोसा
जगदलपुर। क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ से मची तबाही के बीच अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद ने मोर्चा संभाल लिया है। परिषद की टीम ने पिछले तीन दिनों से लगातार विभिन्न राहत शिविरों का सघन दौरा कर प्रभावित परिवारों तक सीधी सहायता पहुंचाई है। वकीलों की इस टीम ने न केवल खाद्य सामग्री वितरित की, बल्कि आपदा की इस घड़ी में पीड़ितों को कानूनी और आपातकालीन स्थितियों में चौबीसों घंटे साथ खड़े रहने का ठोस आश्वासन भी दिया है।
चार प्रमुख केंद्रों पर राहत
परिषद के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भगतसिंह स्कूल, पंचपथ चौक स्कूल, हाटकचोरा हाई स्कूल और राधा कृष्ण मंदिर में बनाए गए राहत शिविरों का दौरा किया। इस दौरान टीम द्वारा पीड़ितों को चाय, ब्रेड, बिस्किट और मिक्चर सहित अन्य आवश्यक खाद्य सामग्रियों का वितरण किया गया। वकीलों के इस अभियान का उद्देश्य सरकारी व्यवस्थाओं के बीच प्रभावितों को तत्काल मानवीय राहत उपलब्ध कराना रहा है।
कानूनी मदद का अभय कवच
राहत सामग्री वितरण के साथ-साथ अधिवक्ताओं ने बाढ़ पीड़ितों से व्यक्तिगत मुलाकात कर उनका ढाढस बंधाया। टीम ने स्पष्ट किया कि परिषद किसी भी प्रकार की कानूनी अड़चन या आपात स्थिति में 24 घंटे सहायता के लिए मुस्तैद है। अधिवक्ताओं द्वारा दिए गए इस आश्वासन से शिविरों में रह रहे लोगों के मनोबल में काफी वृद्धि देखी गई है। कानून विशेषज्ञों की इस सक्रियता से प्रभावितों को प्रशासनिक प्रक्रियाओं में भी संबल मिलने की उम्मीद है।
तीन दिन से सक्रिय है टीम
इस निरंतर चलने वाले तीन दिवसीय सेवा कार्य में मध्यप्रांत की सहसंयोजक झरना बांगर सिंह और बस्तर संभाग प्रमुख सपन देवांगन नेतृत्व कर रहे हैं। इनके साथ ही अर्पित मिश्रा और प्रतिमा राय सहित परिषद के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और सदस्य जमीन पर उतरकर राहत कार्यों में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। टीम का कहना है कि स्थिति सामान्य होने तक उनका यह सेवा अभियान निरंतर जारी रहेगा।
जरूरी खबरें
विज्ञापन