मोहला-मानपुर की स्नातक पास महिला ने स्वरोजगार से बदली अपनी किस्मत, महीने की आय पहुंची 40 हजार तक
OM Darpan
Aug 31, 2026 02:41 am
851 views
31 Aug 2026
✍️ डिजिटल डेस्क
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी | प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) बेरोजगार युवाओं और इच्छुक उद्यमियों के लिए आत्मनिर्भर बनने का बड़ा जरिया साबित हो रहा है। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम गोटाटोला की निवासी प्रेमीन बाई कुंभकार ने इस योजना की मदद से न केवल स्वरोजगार की राह चुनी, बल्कि अपने परिवार के लिए आर्थिक मजबूती का आधार भी तैयार किया है। बैंक ऋण की सहायता से अपना जनरल स्टोर्स व्यवसाय शुरू कर वे आज समाज में सफलता की एक नई मिसाल बन गई हैं।
अखबार की सूचना से सपनों को मिली उड़ान
प्रेमीन बाई कुंभकार ने स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद लंबे समय तक रोजगार की तलाश की थी। इसी दौरान उन्हें दैनिक समाचार पत्र के माध्यम से प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना की महत्वपूर्ण जानकारी मिली। उन्होंने तत्काल जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी से संपर्क साधा और वहां मौजूद अधिकारियों से योजना का विस्तृत मार्गदर्शन प्राप्त किया। योजना की पूरी प्रक्रिया समझने के बाद उन्होंने आवश्यक दस्तावेजों के साथ जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र में अपना आवेदन प्रस्तुत किया।ग्रामीण बैंक गोटाटोला से स्वीकृत हुआ 5 लाख का ऋण
विभाग द्वारा प्रेमीन बाई के प्रकरण को उचित जांच के बाद संबंधित ग्रामीण बैंक गोटाटोला को भेजा गया। बैंक ने इस आवेदन पर अपनी स्वीकृति देते हुए व्यवसाय विस्तार के लिए 5 लाख रुपए का ऋण प्रदान किया। इस राशि का सही उपयोग करते हुए प्रेमीन बाई ने अपने ही गांव में जनरल स्टोर्स की शुरुआत की। आज उनका यह व्यवसाय सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है और वे हर महीने लगभग 30 से 40 हजार रुपए की आय प्राप्त कर रही हैं।आजीविका को मिली मजबूती, विस्तार की है योजना
व्यवसाय के सफल संचालन से प्रेमीन बाई अपने परिवार के भरण-पोषण और आजीविका को नई मजबूती दे रही हैं। खास बात यह है कि उन्होंने खुद के साथ-साथ अपनी दुकान में एक अन्य व्यक्ति को भी रोजगार उपलब्ध कराया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम ने उनके उद्यमी बनने के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। भविष्य में वे अपने इस व्यवसाय को और अधिक विस्तार देने की इच्छा रखती हैं ताकि ज्यादा लोगों को काम मिल सके। उन्होंने इस योजना के सफल संचालन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया है।जरूरी खबरें
विज्ञापन