रायपुर में 7-8 अक्टूबर को राज्यस्तरीय रोजगार मेला, 10 हजार युवाओं को मिल सकती है नौकरी
OM Darpan
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार आगामी 7 और 8 अक्टूबर को रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम (बूढ़ापारा) में दो दिवसीय राज्यस्तरीय रोजगार मेले का आयोजन करने जा रही है। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा आयोजित इस मेले में लगभग 10 हजार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार मिलने की संभावना है।
अब तक 62 कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों से 9,449 रिक्त पदों की जानकारी मिल चुकी है, जबकि अन्य संस्थाओं से संपर्क जारी है। मेले के दूसरे दिन 8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब चयनित उम्मीदवारों को ऑफर लेटर सौंपेंगे।
इन योग्यताओं और पदों पर होगी भर्ती
मेले में 10वीं और 12वीं पास से लेकर आईटीआई, डिप्लोमा, बीई/बीटेक, कृषि स्नातक, सामान्य स्नातक, एमबीए और एमसीए पास अभ्यर्थियों के लिए अवसर हैं।
तकनीकी व इंजीनियरिंग: मशीन ऑपरेटर, असेंबली ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, मेंटेनेंस इलेक्ट्रिशियन, मैकेनिकल इंजीनियर और क्वालिटी इंस्पेक्टर।
कॉर्पोरेट व आईटी: कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, रिलेशनशिप मैनेजर, सेल्स एग्जीक्यूटिव और सेल्स ऑफिसर।
फाइनेंस, बैंकिंग व एचआर: बैंकिंग, फाइनेंस और मानव संसाधन से जुड़े पद।
अन्य क्षेत्र: नर्सिंग स्टाफ, केयर टेकर, सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर, ड्राइवर, डिलीवरी कर्मी, बाइक राइडर और पिकर-पैकर।
प्रमुख कंपनियां होंगी शामिल
रोजगार मेले में क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स-सतलज टेक्सटाइल्स, वर्द्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर, एयरटेल पेमेंट बैंक, इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, एनआईआईटी, आइसेक्ट, शांता टेक्नो, राजत इक्विपमेंट्स और फर्स्ट फ्लाई कॉर्पोरेट जैसी राष्ट्रीय और स्थानीय कंपनियां हिस्सा ले रही हैं।
पोर्टल से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा
प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए www.erojgar.cg.gov.in पोर्टल का उपयोग किया जा रहा है। युवा इस पोर्टल पर पंजीयन कर पदों की जानकारी देख सकते हैं और पहले ही आवेदन जमा कर सकते हैं। नियोजक भी पोर्टल के जरिए उम्मीदवारों की प्रोफाइल देखकर प्रारंभिक चयन सूची तैयार कर सकेंगे।
बीते वर्षों के आंकड़े
रोजगार विभाग के आंकड़ों के अनुसार:
2024-25: 311 प्लेसमेंट कैंप और रायपुर, दुर्ग व बिलासपुर मेलों में 5,314 अभ्यर्थी चयनित हुए।
2025-26: 245 प्लेसमेंट कैंप और रायपुर, बलौदाबाजार व दुर्ग मेलों में 4,149 अभ्यर्थियों का चयन हुआ।
2026 (सितंबर तक): 224 प्लेसमेंट कैंप और मेलों के माध्यम से 8,878 युवाओं को रोजगार मिला है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन