नारायणपुर के 22,923 परिवारों तक पहुंचा नल का पानी
OM Darpan
Sep 08, 2026 03:54 am
286 views
08 Sep 2026
नारायणपुर। नारायणपुर जिले के सुदूर और वनांचल क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के तहत 22 हजार 923 ग्रामीण परिवारों को नल कनेक्शन से जोड़ा गया है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने नारायणपुर और ओरछा विकासखंड के 379 गांवों में शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए पाइपलाइन विस्तार का काम तेज कर दिया है।
जिले में कुल 33 हजार 009 घरेलू नल कनेक्शन देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक 22 हजार से अधिक परिवारों को सफलतापूर्वक कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं, जिससे ग्रामीणों को घर पर ही पानी मिलने लगा है।
852 सोलर पंपों से जलापूर्ति
भौगोलिक रूप से कठिन और दूरस्थ अंचलों में निर्बाध जलापूर्ति के लिए सोलर पंपों का सहारा लिया जा रहा है। जिले में 1,084 सोलर पंप स्वीकृत किए गए थे, जिनमें से 852 स्थापित हो चुके हैं। वर्तमान में 750 सोलर पंप पूरी तरह चालू हैं। सौर ऊर्जा आधारित इस व्यवस्था से 20 हजार 138 घरों को सुरक्षित और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।119 गांव 'हर घर जल' प्रमाणित
जिले के 119 गांवों के 7,276 परिवारों को पूरी तरह शुद्ध पेयजल मिलने लगा है। इन गांवों को 'हर घर जल' गांव के रूप में प्रमाणित कर इनका प्रबंधन ग्राम पंचायतों को सौंप दिया गया है। इसके अतिरिक्त, 3,572 हैंडपंप भी ग्रामीणों की दैनिक जल आवश्यकताओं को पूरा कर रहे हैं। शुद्ध पेयजल की उपलब्धता से मौसमी बीमारियों में कमी आई है और महिलाओं को पानी लाने की मशक्कत से राहत मिली है।जरूरी खबरें
विज्ञापन