दुर्ग जिला चिकित्सालय में विश्व स्तनपान सप्ताह का शुभारंभ
OM Darpan
Aug 03, 2024 12:17 am
173 views
03 Aug 2024
- स्वस्थ शिशु, स्वस्थ मातृत्व: स्तनपान की अहमियत पर जोर
दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
दुर्ग जिला चिकित्सालय में 01 अगस्त 2024 को विश्व स्तनपान सप्ताह का शुभारंभ किया गया। इस वर्ष के थीम 'अंतर को कम करना, सभी के लिये स्तनपान समर्थन' के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य माताओं और शिशुओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है। इस अवसर पर, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. दिव्या श्रीवास्तव (टीकाकरण अधिकारी), डॉ. सीमा जैन, और डॉ. वाय किरण ने उपस्थित महिलाओं और नर्सिंग स्टूडेंट्स को स्तनपान के लाभों के बारे में जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बताया कि धात्री महिलाओं द्वारा शिशुओं को स्तनपान कराने से शिशुओं का मानसिक और शारीरिक विकास होता है, और उन्हें डायरिया, निमोनिया, और कुपोषण जैसी बीमारियों से बचाया जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि जन्म के पहले छह महीनों तक केवल स्तनपान और दो साल तक सतत् स्तनपान शिशु के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सिविल सर्जन एवं मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. हेमंत साहू, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रजनीशकांत मल्होत्रा, डॉ. गोवर्धन, डॉ. सुनीता, जिला कार्यक्रम प्रबंधक संदीप ताम्रकार, आजीवन जीवनदीप सदस्य दिलीप ठाकुर, धात्री महिलाएं, नर्सिंग स्टूडेंट्स और अस्पताल स्टॉफ उपस्थित थे।
Tags
जरूरी खबरें
विज्ञापन