पुलिस वाहन पर दाउली से हमला करने वाला और दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
OM Darpan


जशपुर। जिले की लोदाम थाना पुलिस ने अपराधों पर लगाम कसते हुए दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालकर डायल-112 के वाहन में तोड़फोड़ करने वाले और एक अन्य मामले में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
हथियार लहराने की सूचना पर पहुंची थी पुलिस
पहला मामला लोदाम मंडी बैरियर के पास का है। 15 अक्टूबर की रात करीब पौने दो बजे डायल-112 की टीम को सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराने की सूचना मिली थी। इस पर वाहन चालक रोशन टोप्पो और आरक्षक जीतेश कुमार ध्रुव मौके पर पहुंचे। वहां लोदाम निवासी योगेश कुमार भगत (30) हाथ में लोहे की दाउली लहरा रहा था। पूछताछ करने पर वह पुलिस से ही उलझ गया और जान से मारने की धमकी देने लगा। उसने डायल-112 वाहन का दरवाजा खोलने की कोशिश की और सफल न होने पर दाउली से वाहन पर हमला कर दिया। इससे बाईं तरफ के दोनों शीशे टूट गए और कांच के टुकड़े लगने से आरक्षक जीतेश घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी योगेश को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से हथियार जब्त कर लिया है।
शादी का झांसा देकर लगातार किया शारीरिक शोषण
दूसरी कार्रवाई दुष्कर्म के मामले में की गई है। दुलदुला थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले 24 वर्षीय जगदेव सिंह पर 26 वर्षीय युवती ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने 17 अक्टूबर को लोदाम थाने में परिजनों के साथ पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि अप्रैल 2023 में एक पारिवारिक विवाह समारोह में उसकी पहचान आरोपी से हुई थी। इसके बाद उसने जबरन संबंध बनाए और शादी का भरोसा देकर लगातार शोषण करता रहा। 10 जुलाई 2026 को आरोपी ने पीड़िता को जशपुर बुलाकर रानीदाह में भी संबंध बनाए। गर्भवती होने पर 23 सितंबर को वह पीड़िता को जांच के लिए जशपुर के एक क्लीनिक ले गया और बाद में शादी से मुकर गया। पुलिस ने आरोपी जगदेव सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस ने मोबाइल और सोनोग्राफी रिपोर्ट भी जब्त की है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन