भिलाई (ओमदर्पण न्यूज़)।
भिलाई विधायक देवेंद्र यादव ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा जुबानी हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि भाजपा महिला आरक्षण के नाम पर सिर्फ अपनी राजनीति चमकाने और सत्ता में बने रहने का कूट रचित प्रयास कर रही है। विधायक ने कहा कि देश की मातृशक्ति इस चाल को समझ चुकी है और अब उसी तर्ज पर छत्तीसगढ़ की महिलाओं को भी गुमराह करने की कोशिश की जा रही है, जो सफल नहीं होगी।
‘कांग्रेस नहीं कर रही विरोध, हमें चाहिए तुरंत 33% आरक्षण’
विधायक देवेंद्र यादव ने उन दावों को सिरे से खारिज किया जिनमें प्रचारित किया जा रहा है कि कांग्रेस महिला आरक्षण का विरोध कर रही है। सच्चाई बताते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी चाहती है कि पूरे देश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ विधानसभा की 90 सीटों में भी वर्तमान व्यवस्था के तहत तत्काल प्रभाव से 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू किया जाए।
मोदी-शाह और आरएसएस पर साधा सीधा निशाना
यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें महिलाओं के हकों से कोई वास्तविक सरोकार नहीं है, वे केवल महिलाओं के नाम पर राजनीति कर रहे हैं। भाजपा की वैचारिक पृष्ठभूमि पर सवाल उठाते हुए विधायक ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के इतिहास में कभी महिलाओं को स्थान नहीं मिला, ऐसे में महिला आरक्षण पर भाजपा का रुख खुद ही सवालों के घेरे में आ जाता है।
परिसीमन के जरिए चुनावी फायदा लेने का आरोप
आगामी चुनावों को लेकर विधायक ने एक बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता जाने का डर सता रहा है, इसलिए वह परिसीमन के माध्यम से सीटों के बंटवारे और सीमांकन को अपने पक्ष में करने की जुगत लगा रही है। यादव ने कहा कि यह उनका डर ही दर्शाता है कि आने वाले समय में वे छत्तीसगढ़ और देश में सरकार नहीं बना पाएंगे।
विधायक देवेंद्र यादव ने अपनी बात का समापन करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में कांग्रेस सत्ता में वापसी करेगी और मजबूत इच्छाशक्ति के साथ महिला आरक्षण को लागू करके दिखाएगी।






