Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

कांग्रेस का ‘डिजिटल एक्शन’: अब घर बैठे देनी होगी परफॉर्मेंस रिपोर्ट, दुर्ग ग्रामीण में बूथ लेवल तक पहुंचेगी ऑनलाइन क्लास

Durg Gramin Congress

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

दुर्ग (ओमदर्पण न्यूज़)। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) को सुदृढ़, सक्रिय और हाईटेक बनाने के उद्देश्य से जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में एक बड़ी पहल की गई है। संगठन में कसावट लाने के लिए अब वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लगातार वर्चुअल बैठकें आयोजित की जा रही हैं, जिसकी पहुंच अब सीधे बूथ स्तर तक होने जा रही है।

जिला कांग्रेस कमेटी के प्रभारी एवं संगठन महामंत्री राजीव गुप्ता ने बताया कि जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के निर्देशानुसार इन बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य कम समय में सभी पदाधिकारियों को एक मंच पर लाना है, ताकि वे जहां भी हों, वहीं से बैठक में जुड़ सकें। उन्होंने बताया कि इन बैठकों के माध्यम से प्रत्येक जिम्मेदार पदाधिकारी को अपनी कार्यप्रणाली और परफॉर्मेंस रिपोर्ट प्रस्तुत करनी पड़ रही है। इससे न केवल संगठन में पारदर्शिता बढ़ रही है, बल्कि कार्यों में भी गति आ रही है।

संगठनात्मक कार्यों में समन्वय और जवाबदेही पर जोर

बैठक के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष विक्रांत अग्रवाल ने संगठनात्मक कार्यों में समन्वय, जवाबदेही और सक्रियता पर विशेष जोर देते हुए पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

वहीं, जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर द्वारा प्रत्येक पदाधिकारी से वन-टू-वन चर्चा कर संगठनात्मक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की जा रही है। इस दौरान उन्होंने ब्लॉक और मंडल स्तर से लेकर बूथ तक की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक पहल करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में जिला प्रवक्ताओं की भी वर्चुअल बैठक आयोजित कर उन्हें पार्टी का पक्ष मजबूती से रखने के निर्देश दिए गए।

प्रथम चरण की समीक्षा पूरी, अब बूथ की बारी

संगठन से मिली जानकारी के अनुसार, ब्लॉक प्रभारी, ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्षों और प्रवक्ताओं की वर्चुअल बैठकों के माध्यम से प्रथम चरण की समीक्षा पूरी की जा चुकी है। सभी पदाधिकारियों को जल्द से जल्द अपनी कार्यकारिणी पूर्ण कर जिला कांग्रेस कमेटी में प्रस्तुत करने को कहा गया है।

संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण की दिशा में अगला और सबसे महत्वपूर्ण कदम बूथ स्तर के पदाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठकें आयोजित करना है। जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने स्पष्ट किया कि “संगठन की असली ताकत बूथ स्तर पर है। हम सीधे बूथ स्तर तक संवाद स्थापित कर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने इस तकनीकी पहल का स्वागत करते हुए इसे संगठन को नई ऊर्जा और दिशा देने वाला कदम बताया है।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow