आयुक्त ने भिलाई क्षेत्र के आश्रय स्थलों का किया निरीक्षण
OM Darpan
Dec 20, 2024 07:28 am
268 views
20 Dec 2024
भिलाईनगर (रवि कुमार भास्कर)।
नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा संचालित आश्रय स्थलों का निरीक्षण निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने किया। इन आश्रय स्थलों में बाहर से आए यात्री, विद्यार्थी, मजदूर व राजनीतिक कार्यकर्ताओं को ठहरने की सुविधा प्रदान की जाती है। आयुक्त ने स्थलों पर जाकर वहां ठहरे लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त पाण्डेय ने ठहरने वाले व्यक्तियों से उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली और यह सुनिश्चित किया कि मूलभूत सुविधाओं की कमी न हो। उन्होंने आश्रय स्थलों के कमरे, दरवाजे, खिड़कियां, पानी, बिजली, सोने के बिस्तर, शौचालय व सफाई व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। जहां सुधार की आवश्यकता पाई गई, वहां संबंधित अधिकारियों को तुरंत सुधार कार्य के निर्देश दिए।आयुक्त ने निर्देश दिया कि बाहर से आए व्यक्तियों को शासन के नियमानुसार मकान आबंटन की प्रक्रिया में प्राथमिकता दी जाए। साथ ही कर्मचारियों को नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित करने और समय पर समस्याओं का समाधान करने का आदेश दिया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने बुजुर्गों से उनकी कला व रुचियों के बारे में बातचीत की। कुछ बुजुर्गों ने गाना गाकर अपनी प्रतिभा भी प्रदर्शित की, जिसे देखकर आयुक्त प्रशन्न हुए। इस दौरान जिन आश्रय स्थलों में असुविधा पाई गई, उसे शीघ्र दूर करने के लिए कदम उठाए गए। निरीक्षण में नेता प्रतिपक्ष भोज राज सिन्हा, जोन आयुक्त अजय कुमार सिंह, सहायक राजस्व अधिकारी शरद दुबे, शशिभूषण मोहंती और राष्ट्रीय आजीविका मिशन के मिशन मैनेजर अमन पटले भी उपस्थित रहे।
Tags
जरूरी खबरें
विज्ञापन