रायपुर |
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने रायपुर एम्स (AIIMS) में व्याप्त अव्यवस्थाओं और मरीजों को हो रही असुविधाओं के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ने का ऐलान किया है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि एम्स प्रशासन द्वारा छत्तीसगढ़ के नागरिकों की अनदेखी और मरीजों के प्रति कोताही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रविवार, 21 दिसंबर 2025 को रायपुर जिला कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता रायपुर जिला लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष साजू वी. थॉमस ने की।
अनीश कुमार मिश्रा बने जिला उपाध्यक्ष
बैठक के प्रारंभ में संगठनात्मक विस्तार करते हुए अनीश कुमार मिश्रा को रायपुर जिला लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। जिलाध्यक्ष साजू वी. थॉमस ने उन्हें नियुक्ति पत्र देकर उनका स्वागत किया और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
एम्स प्रशासन के खिलाफ आंदोलन की रूपरेखा तैयार
जिलाध्यक्ष साजू वी. थॉमस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि एम्स रायपुर में मरीजों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि निम्नलिखित मांगों को लेकर प्रशासन को कानूनी प्रावधानों के तहत नोटिस दिया जाएगा और शांतिपूर्ण आंदोलन किया जाएगा:
-
निजी लैब की मनमानी: एम्स में जरूरी जांच उपलब्ध होने के बावजूद मरीजों को बाहर निजी लैब में जांच करवाने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जिस पर रोक लगनी चाहिए।
-
आपातकालीन सुविधाएं: इमरजेंसी यूनिट में बेड, स्टाफ और डॉक्टरों की संख्या बढ़ाई जाए।
-
स्थानीय प्राथमिकता: छत्तीसगढ़ के नागरिकों को इलाज में प्राथमिकता नहीं दी जा रही है, जो कि गंभीर विषय है।
-
अवैध वसूली: पार्किंग के नाम पर की जा रही अवैध शुल्क वसूली को तत्काल समाप्त किया जाए।
पार्टी ने निर्णय लिया है कि जनहित में एम्स के हालात सुधरने तक लोजपा (रामविलास) निरंतर आंदोलनरत रहेगी।
आज की जिला कार्यकारिणी बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश सचिव आरिफ कादरी, कार्यकारी अध्यक्ष अजय यादव, नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष अनीश कुमार मिश्रा, उपाध्यक्ष गिरीश गुप्ता, महासचिव दीपक महेश्वरी, संयुक्त महासचिव श्याम सुंदर निषाद, सचिव आर एस नायडू, सचिव लोमेश वर्मा उपस्थित थे।
इसके अलावा बैठक में उमेश द्विवेदी, तारन शुक्ला, नीलेश पांडेय, रामभक्त शुक्ला, अभिषेक मिश्रा, ऋषभ और राजीव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।









