तिरुवनंतपुरम (ओमदर्पण न्यूज़)।
केरल में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने अपनी नई सरकार के कैबिनेट मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप दे दिया है। राज्य के भावी मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने रविवार शाम को राजभवन पहुंचकर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को मंत्रियों की यह सूची सौंप दी है। वीडी सतीशन ने स्पष्ट किया है कि सोमवार, 18 मई को सुबह 10 बजे तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में 20 मंत्रियों और मुख्यमंत्री सहित पूरी कैबिनेट का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।
गुटबाजी और संशय का दौर खत्म
हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने दो-तिहाई से अधिक बहुमत हासिल किया था। हालांकि, प्रचंड जीत के बावजूद पार्टी के विभिन्न गुटों के दबाव और जमीनी कार्यकर्ताओं के विरोध के कारण मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का फैसला अटका हुआ था। 14 मई को कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने सतीशन को कांग्रेस विधायक दल का नेता और केरल का अगला मुख्यमंत्री घोषित कर इस संशय को खत्म किया।
शुक्रवार से ही कैबिनेट के स्वरूप को लेकर चर्चाओं का दौर जारी था। कांग्रेस नेताओं और सहयोगी दलों के बीच कई दौर की मैराथन बैठकों के बाद रविवार शाम को मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप दिया जा सका। रविवार शाम करीब 5 बजे सतीशन कैंटोनमेंट हाउस से निकले और सवा 5 बजे राज्यपाल से मुलाकात कर कैबिनेट सूची पर चर्चा की।
आईयूएमएल ने जारी किए अपने 5 मंत्रियों के नाम
इस बीच, कांग्रेस की प्रमुख सहयोगी पार्टी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने भी नई सरकार के लिए अपने कोटे के मंत्रियों की सूची जारी कर दी है। पार्टी प्रमुख पनक्कड सादिक अली शिहाब तंगल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि गठबंधन के सत्ता-साझेदारी समझौते और अंदरूनी चर्चा के बाद 5 नेताओं को मंत्री पद के लिए चुना गया है।
आईयूएमएल के कोटे से मंत्री बनने वाले नेताओं में पी के कुन्हालिकुट्टी, एन शम्सुद्दीन, के एम शाजी, पी के बशीर और वी ई अब्दुल गफूर के नाम शामिल हैं।









