Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

कांग्रेस में नई कलह! दिग्विजय सिंह ने मोदी-आडवाणी की फोटो के जरिए अपनी ही पार्टी को दिखाया आइना? भाजपा ने ली चुटकी

Digvijaya Singh Tweet

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

नई दिल्ली |

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह एक बार फिर अपने बयानों और सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा के केंद्र में हैं। अक्सर भाजपा (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखे हमले करने वाले दिग्विजय सिंह ने इस बार कुछ ऐसा किया कि सियासी गलियारों में हलचल मच गई। उन्होंने पीएम मोदी और वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की एक पुरानी तस्वीर साझा करते हुए भाजपा और संघ की ‘संगठनात्मक ताकत’ की सार्वजनिक तारीफ कर दी।

हालांकि, विवाद बढ़ता देख दिग्विजय सिंह ने तुरंत सफाई भी पेश की, लेकिन तब तक उनकी यह पोस्ट वायरल हो चुकी थी। इसे कांग्रेस नेतृत्व पर परोक्ष रूप से निशाने के तौर पर देखा जा रहा है।

क्वोरा (Quora) पर मिली तस्वीर और दिग्विजय का कैप्शन

दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक बिना तारीख वाली तस्वीर साझा की। उन्होंने लिखा कि उन्हें यह तस्वीर ‘Quora’ साइट पर मिली। तस्वीर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व भाजपा प्रमुख लालकृष्ण आडवाणी और अन्य नेता एक जनसभा में नजर आ रहे हैं।

इस पोस्ट में दिग्विजय सिंह ने लिखा, “यह तस्वीर बहुत असरदार है। यह दिखाती है कि कैसे एक RSS का जमीनी वॉलंटियर और जनसंघ/BJP कार्यकर्ता, जो कभी नेताओं के पैरों के पास जमीन पर बैठता था, बाद में एक राज्य का मुख्यमंत्री और देश का प्रधानमंत्री बन गया। यही संगठन की ताकत है।”

अपनी ही पार्टी को नसीहत?

दिग्विजय सिंह ने इस पोस्ट में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, जयराम रमेश, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं को टैग किया है। राजनीतिक विश्लेषक इसे कांग्रेस आलाकमान पर एक अप्रत्यक्ष तंज मान रहे हैं। गौरतलब है कि एक हफ्ते पहले ही दिग्विजय सिंह ने पार्टी के अंदर सुधारों और कामकाज के विकेंद्रीकरण की मांग की थी। ऐसे में भाजपा के संगठन की तारीफ को कांग्रेस की कार्यशैली पर सवाल उठाने से जोड़कर देखा जा रहा है।

विवाद बढ़ने पर दिग्गी राजा की सफाई: ‘मैं मोदी का कट्टर विरोधी हूं’

पोस्ट पर हंगामा मचने के बाद दिग्विजय सिंह ने अपनी सफाई पेश की। उन्होंने कहा कि लोगों ने उनकी बात को गलत समझा।

दिग्विजय सिंह ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा, “मैं संगठन का समर्थन करता हूं। मैंने सिर्फ ‘संगठन’ की तारीफ की है। मैं RSS और मोदी जी के खिलाफ हूं। मैं उनका कट्टर विरोधी था, हूं और रहूंगा। लेकिन क्या संगठन को मजबूत करना और उसकी तारीफ करना बुरी बात है?”

भाजपा ने किया किनारा, पर कसा तंज

दिग्विजय सिंह की इस पोस्ट पर भाजपा ने सधी हुई प्रतिक्रिया दी है।

  • सुधांशु त्रिवेदी (भाजपा सांसद): उन्होंने इस मामले से किनारा करते हुए इसे कांग्रेस का ‘अंदरूनी मामला’ बताया। उन्होंने कहा कि इसमें कुछ भी बहुत जरूरी नहीं है और दिग्विजय ने राहुल गांधी की समझ पर सवाल नहीं उठाया है।

  • सीआर केसवन (भाजपा नेता): उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि दिग्विजय की पोस्ट से यह उजागर होता है कि कांग्रेस पार्टी तानाशाही तरीके से चलाई जा रही है। उन्होंने सवाल किया कि क्या राहुल गांधी हिम्मत दिखाकर अपने वरिष्ठ नेता की इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देंगे?

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow