बड़गॉव (महासमुंद)।
विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बड़गॉव में निषाद समाज द्वारा महाराज गुहा जयंती और मड़ई मेला कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अशवंत तुषार साहू मुख्य रूप से शामिल हुए।
कार्यक्रम स्थल पर पहुँचने पर निषाद समाज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने अशवंत तुषार साहू का फूल-माला पहनाकर गर्मजोशी से भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए अशवंत तुषार साहू ने महाराज गुहा के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व पर प्रकाश डाला।
त्रेतायुग और भगवान राम के प्रसंग का वर्णन
संबोधन में तुषार साहू ने कहा कि ऋंगवेरपुर के राजा गुहा, निषाद समाज के गौरव थे। उनके पिता हिरण्यधनु और माता सुलेखा थीं। उन्होंने त्रेतायुग के उस पावन प्रसंग का स्मरण कराया जब वनवास काल के दौरान महाराज गुहा ने ही भगवान राम, सीता और लक्ष्मण को अपनी नाव से गंगा पार कराई थी। उन्होंने बताया कि महाराज गुहा का जन्म चैत्र शुक्ल पक्ष की पंचमी को हुआ था, इसीलिए समाज द्वारा इस पावन तिथि पर हर वर्ष उनकी जयंती मनाई जाती है।
आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु और ग्रामीण उपस्थित रहे, जहाँ भक्ति और उत्साह का माहौल देखा गया।








