भिलाई (रोहितास सिंह भुवाल)।
फूलो सामाजिक जनकल्याण समिति द्वारा मकर संक्रांति के पावन पर्व पर वार्ड-11, टाटा लाइन कोहका, भिलाई में बच्चों के लिए विशेष पतंग उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों को पतंग, डोरी व तिल के लड्डू वितरित किए गए। समिति ने इसे हर वर्ष आयोजित करने की परंपरा को आगे बढ़ाया।
समिति के सचिव ज्ञान प्रकाश तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम बच्चों में उत्साह व आनंद की भावना भरने के साथ-साथ उनकी सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत रखने का प्रयास है। उन्होंने कहा, “पतंग उड़ाने की परंपरा न केवल आनंद प्रदान करती है, बल्कि यह हमें प्रकृति से जोड़ती है और सामाजिक एकजुटता का भी संदेश देती है।”

इस कार्यक्रम में भिलाई नगर निगम के सभापति बंटी गिरवर साहू व सतनामी समाज के युवा मान सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों के साथ पतंग उड़ाने का आनंद लिया और समिति के इस प्रयास की सराहना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के अन्य सक्रिय सदस्यों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनमें जितेंद्र साहू, उमेश साहू, पंकज वर्मा, हितेंद्र साहू, झककी साहू, गोलू जंघेल, कविता सोनी व लक्ष्मी जंघेल शामिल हैं।
समिति के सचिव ज्ञान प्रकाश तिवारी ने अंत में सभी सहयोगियों व वार्डवासियों का धन्यवाद देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम न केवल बच्चों के लिए एक आनंदमयी अनुभव था, बल्कि हमारी परंपराओं व संस्कृति को जीवित रखने का भी एक माध्यम है। उन्होंने बताया कि समिति भविष्य में भी ऐसे सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों को जारी रखेगी।










