-
रामा ग्रीन सिटी की श्रीमती अनिता शर्मा ने उठाया योजना का लाभ, ग्रिड में भेज रहीं अतिरिक्त बिजली
बिलासपुर।
प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना आम नागरिकों के लिए सिर्फ बिजली बचाने का ही नहीं, बल्कि अतिरिक्त आय का भी एक प्रभावी माध्यम बन गई है। शहर के रामा ग्रीन सिटी की निवासी श्रीमती अनिता शर्मा ने इस योजना का लाभ उठाते हुए अपने घर की छत पर सोलर पैनल स्थापित कराया है। इसका सीधा असर यह हुआ है कि उनके घर की बिजली संबंधी जरूरतें अब पूरी तरह से सौर ऊर्जा से पूरी हो रही हैं और उनका बिजली का बिल शून्य हो गया है।
ग्रिड में जा रही अतिरिक्त बिजली, बचत के साथ आमदनी भी
श्रीमती शर्मा बताती हैं कि पहले उन्हें हर महीने बिजली बिल के रूप में एक निश्चित राशि खर्च करनी पड़ती थी। अब योजना के तहत सोलर पैनल लगने के बाद बिल आना बंद हो गया है। सौर ऊर्जा संयंत्र से घर की आवश्यकता से अधिक बिजली का उत्पादन होने पर वह अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजी जाती है। इस तरह यह पैनल उनके लिए केवल बिजली बचत का साधन नहीं, बल्कि अतिरिक्त आय का जरिया भी बन गया है।
श्रीमती शर्मा का कहना है कि योजना के माध्यम से अपने ही घर की छत का उपयोग स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन के लिए कर पाना उनके लिए बेहद संतोषजनक अनुभव है। उन्होंने अन्य नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने घरों में सौर ऊर्जा को अपनाने के लिए प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की जानकारी लें और इसका लाभ उठाएं।
सरकार दे रही बंपर अनुदान, ऐसे करें आवेदन
इस योजना के तहत केंद्र सरकार द्वारा उपभोक्ताओं को 30 हजार रुपये से लेकर 78 हजार रुपये तक का अनुदान (सब्सिडी) दिया जा रहा है। वहीं, राज्य सरकार की ओर से भी 30 हजार रुपये तक का अनुदान अलग से दिया जा रहा है। योजना का लाभ प्राप्त करने के इच्छुक उपभोक्ता ‘पीएम सूर्यघर डॉट जीओव्ही डॉट इन’ वेब पोर्टल पर जाकर या स्मार्टफोन में ‘पीएम सूर्यघर’ ऐप डाउनलोड कर अपना पंजीयन करा सकते हैं।









