जगदलपुर में महिलाओं के लिए पिंक शौचालय का निर्माण, 15 लाख का होगा खर्च
OM Darpan
Dec 01, 2024 06:30 am
255 views
01 Dec 2024
जगदलपुर (कौशल संदुजा) ।
बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर के नया बस स्टैंड में महिलाओं के लिए एक विशेष पिंक शौचालय बनाए जाने की योजना बनाई गई है। इस शौचालय में सेनेटरी पैड की वेंडिंग मशीन और स्तनपान कराने की सुविधा भी उपलब्ध होगी। नगर निगम ने इस परियोजना के लिए प्लान तैयार कर लिया है और कार्य शीघ्र शुरू होगा। नगर निगम आयुक्त निर्भय साहू समेत नगर निगम की टीम ने स्थल का निरीक्षण किया। पिंक शौचालय बनाने में लगभग 15 लाख रुपये का खर्च आएगा।
नगर निगम आयुक्त निर्भय साहू ने पिंक शौचालय के निर्माण के लिए जल्द काम शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में बस स्टैंड पर महिला यात्रियों के लिए कोई उचित शौचालय व्यवस्था नहीं है, और मौजूदा शौचालय का आकार भी छोटा है। उन्होंने यह भी कहा कि जगदलपुर बस स्टैंड, जो संभाग का सबसे बड़ा अंतरराज्यीय बस स्टैंड है, में ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना जैसे अन्य राज्यों से भी बसें आती हैं। यहां रोजाना करीब 200 से ज्यादा बसों का संचालन होता है, और इन यात्रियों में लगभग 40 से 45 प्रतिशत महिलाएं होती हैं।इस पिंक शौचालय में महिलाओं के लिए सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन स्थापित की जाएगी, ताकि महिला यात्रियों को सैनेटरी उत्पादों की सुविधा मिल सके। साथ ही, इस्तेमाल किए गए नैपकिन को नष्ट करने के लिए एक निस्तारण मशीन भी होगी। महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था और दुधमुहे बच्चों को स्तनपान कराने के लिए एक फीडिंग रूम भी उपलब्ध होगा। इस सुविधा के आने से महिला यात्रियों को वेटिंग हॉल में बसों का इंतजार करते हुए स्तनपान में होने वाली दिक्कतों से राहत मिलेगी।
Tags
जरूरी खबरें
विज्ञापन